उम्र बढ़ने के साथ शरीर को फिट रखना चुनौती जरूर बन सकता है, लेकिन कनाडा की 61 वर्षीय डोना जीन वाइल्ड ने ऐसा कारनामा किया है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छे फिटनेस लवर्स भी हैरान हैं. उन्होंने लगातार करीब 5 घंटे तक एब्डॉमिनल प्लैंक की पोजीशन होल्ड कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
इस उपलब्धि की खास बात सिर्फ रिकॉर्ड का 5 घंटे तक पहुंचना नहीं है. डोना इससे पहले भी इसी कैटेगरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी थीं. यानी इस बार उन्होंने किसी और का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि अपना ही पिछला रिकॉर्ड बेहतर किया.
5 घंटे तक एक ही पोजीशन में रहीं
डोना जीन वाइल्ड का यह कारनामा हंट्समैन वर्ल्ड सीनियर गेम्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में नजर आया.
वीडियो में डोना एक स्टेज पर प्लैंक की पोजीशन में दिखाई देती हैं. समय गुजरता जाता है, लेकिन वह अपनी बॉडी को उसी स्थिति में बनाए रखती हैं.प्लैंक में शरीर को जमीन के समानांतर रखते हुए हाथों और पैरों के सहारे शरीर को स्थिर रखना होता है. कुछ मिनट तक इसे करना भी कई लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन डोना ने इसे घंटों तक जारी रखा.जैसे-जैसे समय 5 घंटे के करीब पहुंचा, आसपास मौजूद लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया.
5 घंटे पूरे होते ही गूंज उठी तालियां
आखिरकार जब डोना ने 5 घंटे का आंकड़ा पार किया तो वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों और चीयर के साथ उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया.रिकॉर्ड पूरा करने के बाद डोना के चेहरे पर बड़ी मुस्कान नजर आई. इतने लंबे समय तक शरीर को एक ही स्थिति में बनाए रखना शारीरिक ताकत के साथ-साथ मानसिक मजबूती की भी बड़ी परीक्षा थी. वीडियो देखने वाले लोग भी उनकी क्षमता देखकर हैरान रह गए. एक यूजर ने कहा कि वह खुद दो मिनट तक प्लैंक करने की कल्पना भी नहीं कर सकता.
यह पहली बार नहीं, पहले भी बना चुकी थीं रिकॉर्ड
डोना जीन वाइल्ड का यह रिकॉर्ड बनाने का सफर नया नहीं है.21 मार्च 2024 को उन्होंने कनाडा के अल्बर्टा के मैग्राथ में महिलाओं के लिए सबसे लंबे समय तक एब्डॉमिनल प्लैंक का रिकॉर्ड बनाया था. उस समय उन्होंने 4 घंटे 30 मिनट 11 सेकंड तक प्लैंक किया था.अब करीब दो साल बाद उन्होंने उसी उपलब्धि को पीछे छोड़ते हुए अपना ही रिकॉर्ड और बेहतर कर दिया.यानी डोना के लिए यह सिर्फ एक नया रिकॉर्ड नहीं, बल्कि अपने पुराने प्रदर्शन को चुनौती देने की कहानी भी है.
यह भी पढ़ें: कैंडी क्रश में 22,222 लेवल! बिहार के 19 साल के शुभम ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
61 की उम्र में क्यों खास है यह उपलब्धि?
डोना की कहानी इसलिए भी लोगों का ध्यान खींच रही है क्योंकि आमतौर पर फिटनेस से जुड़े कई रिकॉर्ड युवा एथलीटों के नाम रहते हैं.लेकिन डोना ने 61 साल की उम्र में घंटों तक शरीर को स्थिर रखकर दिखाया कि उम्र अपने आप में फिटनेस की सीमा तय नहीं करती.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कोई भी व्यक्ति घंटों तक प्लैंक करने की कोशिश करे. इतनी लंबी अवधि तक प्लैंक करना बेहद कठिन शारीरिक चुनौती है और इसे बिना उचित प्रशिक्षण, विशेषज्ञ की सलाह और निगरानी के दोहराना सुरक्षित नहीं माना जाना चाहिए.
वीडियो देखकर लोग भी रह गए हैरान
हंट्समैन वर्ल्ड सीनियर गेम्स के वीडियो पर लोगों ने डोना की उपलब्धि की जमकर तारीफ की.किसी ने उन्हें 'अविश्वसनीय' बताया तो किसी ने कहा कि 5 घंटे तक उनकी कोशिश को देखना भी अपने आप में एक दर्दनाक लेकिन शानदार अनुभव था.
डोना की उपलब्धि का सबसे बड़ा संदेश शायद यही है कि रिकॉर्ड बनाने के लिए सिर्फ उम्र नहीं, बल्कि लंबे समय तक लक्ष्य पर टिके रहने की क्षमता भी मायने रखती है.
aajtak.in