Where to Stay in Manali: मनाली में मॉल रोड छोड़ इन 5 जगहों पर लें होटल, नजारे देख लौटने का मन नहीं करेगा!

मनाली घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो होटल बुक करने से पहले सही लोकेशन चुनना जरूरी है. मॉल रोड, ओल्ड मनाली, वशिष्ठ, प्रीणी, नग्गर और बुरवा गांव में ठहरने के फायदे जानें, समझें कि आपकी ट्रिप, बजट और घूमने के प्लान के हिसाब से कौन सी जगह बेहतर रहेगी.

Advertisement
मनाली रूकने के लिए आसपास गांव भी सही हैं. (PHOTO:ITG) मनाली रूकने के लिए आसपास गांव भी सही हैं. (PHOTO:ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:52 PM IST

Where to Stay in Manali: छुट्टियां मिलते ही लोग घूमने निकल पड़ते हैं, सबसे ज्यादा लोग हिमाचल ही जाते हैं. इस समय हिमाचल के कुछ इलाकों में बर्फबारी हो रही है और ऐसे में लोग बर्फबारी का मजा लेने के लिए हिमाचल की ट्रिप प्लान कर सकते हैं. मगर मनाली जाने वाले लोग अक्सर रुकने के लिए गलत जगह पर होटल बुक कर लेते हैं, जिसकी वजह से उनकी पूरी ट्रिप बर्बाद हो जाती है. किसी भी ट्रिप को शानदार बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपना होटल और होमस्टे किस जगह पर बुक करते हैं.

Advertisement

गलत जगह पर ठहरने से पूरी ट्रिप में लोग अपना ज्यादा समय भारी बैग लेकर पहाड़ी रास्तों पर चलने और टैक्सी में बैठे-बैठे ही गुजार देते हैं. इसलिए होटल की खूबसूरती से ज्यादा जरूरी उसकी लोकेशन है. सोशल मीडिया पर फोटो देखकर होटल बुक करने के बजाय यह जानना जरूरी है कि वह मनाली के किस इलाके में है. अगर आप भी मनाली घूमने जा रहे हैं, तो मॉल रोड के अलावा इन जगहों के बारे में जान लें.

मॉल रोड: पहली बार मनाली जाने वालों के लिए बेस्ट

अगर आप पहली बार मनाली जा रहे हैं, तो मॉल रोड के आसपास ठहरना अच्छा ऑप्शन हो सकता है. यहां बाजार, रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानें आसानी से मिल जाती हैं. आपको छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बार-बार टैक्सी नहीं करनी पड़ेगी. यहां से सोलंग वैली और अटल टनल जाने के लिए भी गाड़ी मिलना आसान रहता है. हालांकि, दशहरा और दूसरे पीक सीजन में यहां काफी भीड़ और शोर रहता है. होटल का किराया भी बढ़ सकता है. अगर आप अपनी गाड़ी से जा रहे हैं, तो बुकिंग से पहले पार्किंग की सुविधा जरूर चेक कर लें. 

Advertisement

ओल्ड मनाली: कैफे और सुकून के लिए

कपल्स, सोलो ट्रैवलर्स और दोस्तों के साथ घूमने वाले ओल्ड मनाली एकदम परफेक्ट लोकेशन है. अगर आपको भीड़भाड़ से दूर कैफे में बैठकर कॉफी पीना और आराम से छुट्टियां बिताना अच्छा लगता है, तो ओल्ड मनाली आप लोगों के लिए ठहरना सही रहेगा. यहां हॉस्टल, गेस्ट हाउस और छोटे बुटीक स्टाइल के स्टे मिल जाते हैं. यहां का माहौल मॉल रोड के मुकाबले ज्यादा आरामदायक और शांत लग सकता है.

हालांकि, यहां की कुछ गलियां काफी चढ़ाई वाली हैं. ऐसे में भारी सामान लेकर होटल तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. अगर आप बच्चों या बुजुर्गों के साथ जा रहे हैं, तो होटल की सड़क तक पहुंच और सीढ़ियों के बारे में पहले पता कर लें. बर्फबारी के मौसम में रास्ते की स्थिति जानना भी जरूरी है.

वशिष्ठ गांव: पहाड़ों के नजारे और शांति

मनाली ही नहीं बल्कि उसके आसपास के छिपे हुए गांवों में भी आप ठहरने का प्लान कर सकते हैं, क्योंकि इन ऑफबीट लोकेशन में आपको शांति और सुकून भी मिलते हैं. मनाली के पास स्थित वशिष्ठ गांव अपने मंदिर, गर्म पानी के कुंड और खूबसूरत घाटी के नजारों के लिए जाना जाता है. अगर आप सुबह उठकर पहाड़ों को देखना चाहते हैं और बाजार की भीड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो यहां होमस्टे या गेस्ट हाउस में रुक सकते हैं. 

Advertisement

यहां ठहरने पर आपको गांव के माहौल को करीब से जानने का मौका मिल सकता है. हालांकि, बाजार और दूसरी पर्यटन स्थलों पर जाने के लिए टैक्सी की जरूरत पड़ सकती है. होटल बुक करने से पहले उसकी सही लोकेशन और वहां तक पहुंचने वाले रास्ते की जानकारी जरूर लें.

प्रीणी: परिवार के साथ ठहरने के लिए

अगर आप परिवार के साथ मनाली जा रहे हैं और भीड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो प्रिणी में ठहरने का विकल्प देख सकते हैं. यहां बड़े होटल और रिजॉर्ट स्टाइल की प्रॉपर्टी मिलती हैं, जहां ज्यादा जगह और पार्किंग की सुविधा हो सकती है. परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए यह सुविधाजनक ऑप्शन बन सकता है.

लेकिन यहां से मॉल रोड पैदल जाना आसान नहीं है, अगर आपके पास अपनी गाड़ी है या होटल से टैक्सी की सुविधा मिल रही है, तो यहां ठहरना बेहतर हो सकता है. बुकिंग से पहले पार्किंग, खाने-पीने की व्यवस्था और मैन बाजार तक पहुंचने में लगने वाला समय जरूर चेक कर लें.

 नग्गर: लंबी और आरामदायक छुट्टियों के लिए

कुल्लू घाटी के बीच में बसे नग्‍गर हिल स्टेशन भी जा सकते हैं, यह जगह ब्यास नदी के किनारे बसी हुई है. 1800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस जगह पर आपको मनाली की भीड़भाड़ से दूर एक अलग ही शांति मिलेगी. राजसी हिमालय के साथ देवदार के जंगलों और सेब के बगीचों से सजी यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं लगती है. यहां आने के बाद तो आपको ऐसे नजारे दिखेंगे कि आपका किसी दूसरी जगह जाने का मन ही नहीं करेगा. 

Advertisement

हालांकि, नग्गर को मनाली का कोई नजदीकी मोहल्ला समझकर होटल बुक न करें. अगर आपका प्लान रोज मॉल रोड, सोलंग वैली और अटल टनल घूमने का है, तो यहां से आने-जाने में काफी समय लग सकता है. यह जगह उन लोगों के लिए बेहतर है जो अपनी छुट्टियों का कुछ समय किसी शांत जगह पर बिताना चाहते हैं.

बुरवा गांव: पहाड़ों के बीच ठहरने का ऑप्शन

अगर आप मनाली में मॉल रोड की भीड़ से दूर पहाड़ों के बीच ठहरना चाहते हैं, तो बुरवा गांव भी जा सकते हैं. यह गांव मनाली से सोलंग वैली और अटल टनल की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्थित है, यहां आपको पहाड़ों के खूबसूरत नजारे और शहर की भागदौड़ से दूर रहने का मौका मिल सकता है. इस इलाके में ठहरने के लिए होटल, रिजॉर्ट और होमस्टे भी आपको मिलेंगे.

अगर आपका सोलंग वैली घूमने का प्लान है तो आप लोगों के लिए बुरवा गांव में रुकने फायदेमंद हो सकता है. पहाड़ों के बीच सुकून भरा समय बिताने वालों के लिए यह जगह एकदम परफेक्ट है और यहां पर आपको अपने होटल के कमरे से ही इतना शानदार नजारा दिखाई देगा कि आपका बाहर निकलने का ही मन नहीं करेगा. 

हालांकि, मॉल रोड पर खरीदारी करने या शाम को कैफे में समय बिताने के लिए आपको गाड़ी या टैक्सी की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए होटल बुक करने से पहले आने-जाने की सुविधा के बारे में पूछ लें.

Advertisement

होटल बुक करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

मनाली में होटल बुक करते समय सिर्फ खूबसूरत तस्वीरें देखकर फैसला न करें. सबसे पहले होटल की सही मैप लोकेशन देखें और पता करें कि वहां तक पहुंचने के लिए कितनी चढ़ाई या पैदल चलना पड़ेगा.

अगर आप बस से आ रहे हैं, तो मॉल रोड के आसपास ठहरना सुविधाजनक रहेगा. परिवार के साथ प्राइवेट गाड़ी से जा रहे हैं, तो प्रीणी जैसे ऑप्शन देख सकते हैं. वहीं, पहाड़ों के बीच शांत माहौल चाहिए, तो वशिष्ठ या बुरवा गांव जा सकते हैं. 

सबसे जरूरी बात होटल का किराया कम होने का मतलब यह नहीं कि आपका खर्च भी कम होगा. अगर होटल मुख्य जगहों से दूर है और हर बार टैक्सी करनी पड़ती है, तो आने-जाने में ज्यादा पैसे और समय खर्च हो सकते हैं. इसलिए होटल चुनते समय अपने घूमने के प्लान, बजट और आने-जाने की सुविधा को ध्यान में रखें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »