Weekend Trips from Delhi: दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी से ब्रेक लेकर कहीं घूमने का मन है तो वीकेंड पर आसपास की खूबसूरत जगहों का प्लान बना सकते हैं. इसके लिए आपको लंबी छुट्टी लेने या बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं है. दिल्ली से कुछ ही घंटों की दूरी पर ऐसी कई जगहें हैं, जहां आप हरियाली, पहाड़ों, झीलों और ऐतिहासिक किलों का आनंद ले सकते हैं. अगर आप परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ छोटी-सी ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो दिल्ली के आसपास की इन 5 खूबसूरत जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
नीमराना (राजस्थान)
दिल्ली से नीमराना की दूरी लगभग 120-130 किलोमीटर है. यहां आप सड़क के रास्ते लगभग 2 से 3 घंटे में पहुंच सकते हैं. नीमराना अपने ऐतिहासिक किले और खूबसूरत हेरिटेज होटल के लिए जाना जाता है. अगर आप वीकेंड पर कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं तो यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं. यहां किले की खूबसूरती देखने के साथ आसपास की जगहों पर भी घूम सकते हैं.
अलवर (राजस्थान)
दिल्ली से लगभग 3 से 4 घंटे की दूरी पर स्थित अलवर वीकेंड पर घूमने के लिए बेस्ट जगह है. यहां आपको पुराने किले, खूबसूरत झीलें और हरियाली से भरे नजारे देखने को मिलेंगे. आप यहां सिटी पैलेस, बाला किला और सिलीसेढ़ झील घूमने जा सकते हैं. अगर आप शहर की भीड़भाड़ से दूर कुछ समय सुकून से बिताना चाहते हैं तो अलवर की ट्रिप प्लान कर सकते हैं.
ऋषिकेश (उत्तराखंड)
अगर आपको पहाड़ों के खूबसूरत नजारे देखने हैं और नदी के किनारे सुकून के पल बिताने हैं तो ऋषिकेश घूमने जा सकते हैं. दिल्ली से यहां पहुंचने में करीब 5 से 6 घंटे या ट्रैफिक के हिसाब से इससे ज्यादा समय लग सकता है. यहां आप गंगा किनारे घूम सकते हैं, घाटों पर वक्त बिता सकते हैं और रिवर राफ्टिंग का मजा ले सकते हैं. इसके अलावा, लक्ष्मण झूला के आसपास घूमने और कैफे में बैठकर खाने-पीने का आनंद भी ले सकते हैं.
आगरा (उत्तर प्रदेश)
अगर आपको ऐतिहासिक जगहें देखना पसंद है, तो आगरा घूमने जा सकते हैं. दिल्ली से आगरा पहुंचने में सड़क के रास्ते करीब 3 से 4 घंटे लग सकते हैं. यहां आप ताजमहल की खूबसूरती देखने के साथ आगरा किला और मेहताब बाग भी घूम सकते हैं. वीकेंड पर एक छोटी ट्रिप के लिए यह अच्छी जगह है. परिवार और दोस्तों के साथ यहां घूमने का प्लान बनाया जा सकता है.
नाहन (हिमाचल प्रदेश)
अगर आप पहाड़ों की ठंडी हवा और हरियाली के बीच सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो नाहन जा सकते हैं. दिल्ली से सड़क के रास्ते नाहन पहुंचने में लगभग 4 से 5 घंटे या ट्रैफिक के हिसाब से इससे ज्यादा समय लग सकता है. यहां का शांत माहौल और पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे आपका मन खुश कर देंगे. नाहन के आसपास आप रेणुका झील भी घूमने जा सकते हैं. प्रकृति के बीच वक्त बिताने और रोजमर्रा की भागदौड़ से ब्रेक लेने के लिए आप यहां जा सकते हैं.
ट्रिप पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
नोट: दिल्ली से इन जगहों तक पहुंचने का समय आपके शुरुआती स्थान, ट्रैफिक और रास्ते पर निर्भर करेगा. ऋषिकेश और नाहन के लिए यात्रा में 5 घंटे से ज्यादा भी लग सकते हैं, इसलिए निकलने से पहले रूट जरूर जांच लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क