Best Winter Destinations in India: पहाड़, रेगिस्तान या समंदर... साल के अंत में इन 5 जगहों पर बनाएं घूमने का प्लान

Best Winter Destinations in India: नवंबर और दिसंबर में अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो ऐसी जगहें चुनें जहां एक ही ट्रिप में कई खूबसूरत डेस्टिनेशन एक्सप्लोर करने का मौका मिले. राजस्थान के रेगिस्तान से लेकर हिमाचल की वादियों, गुजरात के समुद्री किनारों और महाराष्ट्र के हिल स्टेशनों तक, ये 5 ट्रैवल प्लान आपकी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.

Advertisement
नवंबर-दिसंबर में घूमें यहां (Photo- ITG) नवंबर-दिसंबर में घूमें यहां (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:00 PM IST

Best Winter Destinations in India: साल का आखिरी महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. इस दौरान उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगती है और पहाड़ों पर बर्फबारी का नजारा देखने को मिलता है. वहीं, अगर आप ज्यादा ठंड से बचना चाहते हैं तो राजस्थान के रेगिस्तान, गुजरात के बीच और महाराष्ट्र की खूबसूरत वादियों में छुट्टियां बिता सकते हैं.

Advertisement

अगर आपके पास घूमने के लिए 5 दिन का समय है और आप एक ही ट्रिप में कई जगहें एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो पहले से प्लानिंग करना जरूरी है. इससे कम समय में आप एक से ज्यादा पर्यटन स्थलों की सैर कर सकते हैं. आज हम आपको भारत की ऐसी 5 जगहों के बारे में बता रहे हैं, जहां आप एक ट्रिप में तीन खूबसूरत डेस्टिनेशन घूम सकते हैं. यहां आप परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ साल के अंत की छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.

राजस्थान: जोधपुर, जैसलमेर और सम के रेतीले धोरे
सर्दियों में राजस्थान घूमने का अपना अलग ही मजा है. यहां आप 5 दिनों की ट्रिप में जोधपुर, जैसलमेर और सम के रेतीले धोरों की सैर कर सकते हैं. सबसे पहले 2 दिन जोधपुर में बिताएं. यहां मेहरानगढ़ किला, पुराने शहर की नीली गलियां और तूरजी का झालरा घूम सकते हैं. साथ ही, जोधपुर की मशहूर मावा कचौड़ी का स्वाद लेना न भूलें.

Advertisement

इसके बाद अगले 2 दिन जैसलमेर में बिताएं. यहां सोनार किला, पटवों की हवेली और गड़ीसर झील घूमने जा सकते हैं. अपनी ट्रिप की आखिरी रात सम के रेतीले धोरों में बिताएं. यहां ऊंट की सवारी, जीप सफारी और रेगिस्तान के बीच कैंपिंग का मजा ले सकते हैं. रात में अलाव के पास राजस्थानी लोक नृत्य देखने का अनुभव भी यादगार रहेगा.

हिमाचल प्रदेश: मनाली, कसोल और तोष
अगर आप साल के अंत में बर्फबारी देखना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश का रुख कर सकते हैं. यहां 5 दिनों में मनाली, कसोल और तोष घूमने का प्लान बनाया जा सकता है. सबसे पहले 2 दिन मनाली में बिताएं. यहां अटल टनल पार करके बर्फ से ढके पहाड़ों का नजारा देख सकते हैं. इसके अलावा ओल्ड मनाली की गलियों में घूमने और वशिष्ठ के गर्म पानी के कुंड देखने भी जा सकते हैं.

इसके बाद 2 दिन कसोल में बिताएं. यहां पार्वती नदी के किनारे सुकून के पल बिता सकते हैं. आसपास के कैफे में खाने-पीने का मजा लें और चालल गांव तक छोटी ट्रेकिंग भी कर सकते हैं. आखिरी दिन तोष गांव जाएं. यहां बर्फ से ढके रास्तों पर घूमने, पहाड़ों के खूबसूरत नजारे देखने और छोटे कैफे में गर्म चाय पीने का अलग ही मजा है.

Advertisement

गुजरात: दीव, सोमनाथ और गिर नेशनल पार्क
अगर आप सर्दियों में पहाड़ों की ठंड से दूर किसी गर्म और शांत जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो गुजरात घूमने जा सकते हैं. यहां आप 5 दिनों में दीव, सोमनाथ और गिर नेशनल पार्क एक्सप्लोर कर सकते हैं.

सबसे पहले 2 दिन दीव में बिताएं. यहां समुद्र किनारे बना दीव किला, नाइडा गुफाएं और घोघला बीच घूमने जा सकते हैं. इसके बाद सोमनाथ पहुंचें. यहां प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के दर्शन करें और शाम की आरती में शामिल हों. समुद्र किनारे कुछ समय बिताने के साथ मंदिर का लाइट एंड साउंड शो भी देख सकते हैं.

अपनी ट्रिप के आखिरी दिन गिर नेशनल पार्क जाएं. यहां जंगल सफारी के दौरान एशियाई शेरों को उनके प्राकृतिक ठिकाने पर देखने का मौका मिल सकता है. इसके लिए पहले से सफारी की बुकिंग जरूर कर लें.

उत्तराखंड: ऋषिकेश, मसूरी और धनोल्टी
अगर आप पहाड़, नदी और हरियाली के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड की ये तीन जगहें अच्छी रहेंगी. 5 दिनों की ट्रिप में ऋषिकेश, मसूरी और धनोल्टी घूम सकते हैं.

सबसे पहले 2 दिन ऋषिकेश में बिताएं. यहां त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती देख सकते हैं. इसके अलावा बीटल्स आश्रम घूमने और गंगा किनारे सुकून के पल बिताने का मौका मिलेगा. अगर मौसम और नदी की स्थिति अनुकूल हो तो रिवर राफ्टिंग भी कर सकते हैं.

Advertisement

इसके बाद अगले 2 दिन मसूरी में बिताएं. यहां मॉल रोड पर घूमने, गर्मागर्म मोमोज खाने और गन हिल से पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देखने जा सकते हैं. लाल टिब्बा से सूर्यास्त का नजारा भी काफी शानदार होता है.

आखिरी दिन धनोल्टी जाएं. यहां इको पार्क में देवदार और चीड़ के पेड़ों के बीच घूम सकते हैं. इसके अलावा सुरकंडा देवी मंदिर जाकर आसपास की पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं.

महाराष्ट्र: महाबलेश्वर, पंचगनी और लोनावला
अगर आप सर्दियों में ठंडी हवाओं, हरी-भरी वादियों और खूबसूरत नजारों के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो महाराष्ट्र की इन तीन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यहां 5 दिनों में महाबलेश्वर, पंचगनी और लोनावला घूमने का प्लान बनाया जा सकता है.

सबसे पहले 2 दिन महाबलेश्वर में बिताएं. यहां वेन्ना झील में बोटिंग कर सकते हैं और आर्थर सीट से खूबसूरत घाटियों का नजारा देख सकते हैं. सर्दियों में यहां स्ट्रॉबेरी का मौसम भी रहता है. ऐसे में ताजी स्ट्रॉबेरी और क्रीम का स्वाद लेना न भूलें.

इसके बाद पंचगनी पहुंचें. यहां टेबल लैंड घूमने के साथ राजपुरी गुफाएं देख सकते हैं. इसके अलावा मैप्रो गार्डन में खाने-पीने और स्थानीय फूड प्रोडक्ट्स का मजा ले सकते हैं.

ट्रिप के आखिरी दिन लोनावला जाएं. यहां कार्ला और भाजा की प्राचीन गुफाएं देखने के साथ टाइगर पॉइंट से खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. यहां की मशहूर चिक्की खरीदना न भूलें.

Advertisement

इन बातों का रखें ध्यान 
इन सभी जगहों की दूरी और मौसम को देखते हुए घूमने का प्लान बनाएं. खासकर पहाड़ी इलाकों में सर्दियों के दौरान बर्फबारी और सड़क की स्थिति की जानकारी पहले जरूर ले लें. गुजरात में गिर सफारी के लिए और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर होटल की बुकिंग पहले से करना बेहतर रहेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »