आज के समय में सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि हर इंसान के पास कई डिवाइस हैं, लेकिन हर डिवाइस के लिए अलग चार्जर. फोन, घड़ी, ईयरबड्स और बाकी गैजेट्स… और इन सबके बीच तारों का जाल. इसलिए लोग अब वायरलेस चार्जर्स की तरफ रूख कर रहे हैं जो एक साथ कई डिवाइसेज चार्ज कर सकता है.
स्वदेसी ब्रांड DailyObjects ने अपना नया प्रोडक्ट NODE लॉन्च किया है, जिसे कंपनी दुनिया का पहला मॉड्यूलर वायरलेस चार्जिंग सिस्टम बता रही है.
NODE को एक नॉर्मल चार्जर की तरह नहीं, बल्कि एक पूरे इकोसिस्टम की तरह डिजाइन किया गया है. इसका मतलब है कि आप एक ही सेटअप से अपने कई डिवाइसेज चार्ज कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसके हिस्सों को अलग करके साथ भी ले जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Haier 475L डबल डोर फ्रिज रिव्यू: डिजाइन और परफॉर्मेंस का शानदार कॉम्बो, LG-Samsung को मिलेगी टक्कर
यह डॉक एंड गो स्टाइल पर काम करता है, यानी जब आप डेस्क पर हों तो सब कुछ एक साथ जुड़ा रहेगा और बाहर निकलते ही आप अलग-अलग हिस्सों को अपने साथ ले जा सकते हैं.
स्टाइलिश डिवाइस और मॉड्यूलर डिजाइन
इस सिस्टम की सबसे खास बात इसका मॉड्यूलर डिजाइन है. यूजर 2-इन-1 या 3-इन-1 सेटअप चुन सकते हैं और अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग मॉड्यूल जोड़ सकता है.
इसमें फोन चार्ज करने के लिए स्टैंड, एक चार्जिंग डिस्क, घड़ी चार्ज करने का स्टैंड और एक पोर्टेबल लैंप तक शामिल है. ये सभी मॉड्यूल एक ही बेस पर फिट हो जाते हैं और जरूरत पड़ने पर अलग भी किए जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Eureka Forbes रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर रिव्यू: मॉपिंग से लेकर क्लीनिंग तक, खुद से करेगा सबकुछ
फोन स्टैंड सिर्फ चार्जर नहीं है, इसमें 7800mAh की बैटरी भी दी गई है. यानी अगर आप इसे डॉक से अलग कर देते हैं, तब भी यह आपके फोन को चार्ज करता रहेगा.
कंपनी के मुताबिक इससे iPhone को करीब डेढ़ बार चार्ज किया जा सकता है. वहीं पोर्टेबल लैंप में 2600mAh बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज होने पर करीब 8 घंटे तक चल सकता है और इसमें अलग-अलग ब्राइटनेस मोड भी मिलते हैं.
Qi 2.2 स्टैंडर्ड वायरलेस चार्जिंग
चार्जिंग की बात करें तो NODE लेटेस्ट Qi2.2 स्टैंडर्ड पर काम करता है, जो अभी वायरलेस चार्जिंग में सबसे तेज माना जा रहा है. इसमें 25W तक की वायरलेस चार्जिंग मिलती है, जिससे फोन और दूसरे डिवाइस तेजी से चार्ज होते हैं.
खास बात यह है कि यह सिस्टम एंड्रॉयड और ऐपल दोनों तरह के डिवाइस के साथ काम करता है, यानी आपको अलग-अलग चार्जर की जरूरत नहीं पड़ेगी. जिन एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट है उसे यूज कर सकते हैं. हालांकि बड्स और वॉच सिर्फ ऐपल की होगी तभी ये चार्ज करेगा. कंपनी को यहां एंड्रॉयड बेस्ड वॉच और किसी भी कंपनी के बड्स चार्ज करने का ऑप्शन देना चाहिए था.
इसका एक और बड़ा फीचर है वन वायर सिस्टम. यानी पूरे सेटअप को चलाने के लिए सिर्फ एक ही केबल लगेगी. इससे डेस्क पर तारों का झंझट काफी हद तक खत्म हो जाता है. साथ ही इसमें स्मार्ट पावर सिस्टम भी दिया गया है, जो हर मॉड्यूल को जरूरत के हिसाब से बिजली देता है, ताकि सभी डिवाइस सही स्पीड से चार्ज हों.
डिजाइन के मामले में भी कंपनी ने इसे थोड़ा अलग रखा है. इसे इस तरह बनाया गया है कि यह सिर्फ एक गैजेट न लगे, बल्कि आपके डेस्क का हिस्सा बने. इसका लुक साफ, सिंपल और मॉडर्न है, जिससे यह ऑफिस और घर दोनों जगह फिट बैठता है.
कीमत की बात करें तो NODE की शुरुआती कीमत करीब 10 हजार रुपये रखी गई है और यह अलग-अलग कॉन्फिगरेशन के हिसाब से बदल सकती है. यह प्रोडक्ट 27 मई से कंपनी की वेबसाइट और चुनिंदा स्टोर्स पर उपलब्ध होगा.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क