AI डेटा सेंटर्स की वजह से चिप शॉर्टेज है. कंपनियां ये दलील दे कर बजट स्मार्टफोन्स को महंगा कर चुकी हैं. मार्केट में सस्ते स्मार्टफोन अब 10 हजार वाले नहीं, बल्कि 15 हजार वाले हैं. ऑप्शन्स कम हैं, लेकिन अब भी कुछ स्मार्टफोन्स इस सेगमेंट में अच्छा वैल्यू ऑफर कर रहे हैं. इस बजट में अब 5G फोन, 120Hz डिस्प्ले, 50MP कैमरा और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. हालांकि, हर फोन में सबकुछ बेहतर नहीं मिलता. किसी में डिस्प्ले अच्छा है, तो किसी में गेमिंग और बैटरी पर ज्यादा ध्यान दिया गया है.
हम यहां 5 ऐसे स्मार्टफोन की बात कर रहे हैं जिनकी कीमत ₹15,000 के आसपास या उससे कम है. इनकी कीमत और उपलब्धता ऑनलाइन स्टोर पर बदल सकती है, इसलिए खरीदने से पहले मौजूदा कीमत जरूर चेक करें.
1. Infinix Note 50X 5G
अगर आप फोन पर गेम खेलते हैं या एक साथ कई ऐप इस्तेमाल करते हैं, तो Infinix Note 50X 5G पर नजर डाल सकते हैं. इसकी कीमत करीब ₹13,499 से शुरू होती है. इसमें MediaTek Dimensity 7300 Ultimate प्रोसेसर दिया गया है, जो इस बजट में इसकी बड़ी खासियत है.
फोन में 6.67 इंच का डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसमें 5,500mAh की बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग मिलती है. पीछे 50MP का मुख्य कैमरा दिया गया है और फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग भी सपोर्ट करता है. इसमें 5G कनेक्टिविटी भी है.
हालांकि, इसकी स्क्रीन का रिजॉल्यूशन HD+ है. अगर आप ज्यादा साफ और शार्प डिस्प्ले चाहते हैं, तो इस कमी को ध्यान में रखें. कीमत और फीचर्स के हिसाब से यह फोन परफॉर्मेंस को प्रायॉरिटी देने वालों के लिए एक विकल्प है.
2. iQOO Z9x 5G: बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग
iQOO Z9x 5G उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो फोन का इस्तेमाल लंबे समय तक करते हैं. इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की ऑनलाइन कीमत करीब ₹10,424 तक देखी गई है. 6GB रैम वाला वेरिएंट करीब ₹11,999 में भी लिस्टेड है.
इस फोन में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 1 प्रोसेसर दिया गया है. इसमें 6.72 इंच की Full HD+ स्क्रीन है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है. फोन में 6,000mAh की बैटरी मिलती है और यह 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है.
कैमरे की बात करें तो इसमें 50MP का मुख्य कैमरा और 2MP का डेप्थ सेंसर है. सेल्फी के लिए 8MP का कैमरा मिलता है. इसकी बड़ी बैटरी और Full HD+ डिस्प्ले इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक दिलचस्प विकल्प बनाते हैं. हालांकि, यह पुराना मॉडल है, इसलिए खरीदने से पहले सॉफ्टवेयर अपडेट और उपलब्धता की जानकारी जरूर चेक कर लें.
3. Poco M7 Pro 5G: AMOLED डिस्प्ले का फायदा
अगर आप इस बजट में अच्छी स्क्रीन चाहते हैं, तो Poco M7 Pro 5G को देख सकते हैं. इसके 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत करीब ₹14,999 है.
फोन में 6.67 इंच का Full HD+ AMOLED डिस्प्ले मिलता है. यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन ज्यादा स्मूद दिखाई दे सकते हैं. इसमें 50MP का मुख्य रियर कैमरा और 20MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
फोन में 5,110mAh की बैटरी है, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इसे IP64 रेटिंग भी मिली है, जो धूल और पानी के छींटों से सीमित सुरक्षा देती है. ध्यान रहे कि यह फोन Android 14 के साथ लॉन्च हुआ था और इसके सॉफ्टवेयर अपडेट को लेकर इसकी लिमिटेशन्स हैं.
4. Lava Virat V1 5G: भारतीय ब्रांड का सस्ता फोन
कम कीमत में नया 5G फोन लेने वालों के लिए Lava Virat V1 5G एक विकल्प है. इसके 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत ऑनलाइन ऑफर में करीब ₹11,999 तक देखी गई है. 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट करीब ₹14,499 में लिस्टेड है.
इस फोन में 6.75 इंच की HD+ स्क्रीन और 6,000mAh की बैटरी दी गई है. यह Android 16 पर चलता है और इसमें Unisoc T8200 प्रोसेसर मिलता है. फोन में 13MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. इसे IP64 रेटिंग भी मिली है.
इसकी बड़ी बैटरी और नया Android वर्जन इसकी खासियत हैं, लेकिन कैमरा और प्रोसेसर बहुत ज्यादा दमदार नहीं हैं. इसके अलावा, बॉक्स में मिलने वाला चार्जर 10W का है, जबकि फोन 18W तक चार्जिंग सपोर्ट करता है.
5. Poco M7 5G: कम बजट में 5G का विकल्प
अगर आपका बजट ₹15,000 से काफी कम है, तो Poco M7 5G पर भी विचार कर सकते हैं. इसकी कीमत करीब ₹12,499 बताई गई है. इस फोन में 5G कनेक्टिविटी के साथ 6.88 इंच की बड़ी स्क्रीन मिलती है.
फोन में Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर और 5,160mAh की बैटरी दी गई है. पीछे 50MP का मेन कैमरा मिलता है. यह फोन उन लोगों के लिए अच्छा हो सकता है जिन्हें रोजमर्रा के काम, वीडियो देखने, सोशल मीडिया और सामान्य ऐप इस्तेमाल करने के लिए सस्ता 5G स्मार्टफोन चाहिए.
हालांकि, इसकी बड़ी स्क्रीन का रिजॉल्यूशन Full HD+ नहीं है. अगर आप ज्यादा शार्प तस्वीरें, बेहतर गेमिंग या प्रीमियम डिस्प्ले चाहते हैं, तो Poco M7 Pro 5G या Infinix Note 50X 5G जैसे विकल्पों को भी देख सकते हैं.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क