भारतीय टीम की 'भगवा' जर्सी को लेकर मचा बवाल, पूर्व कप्तान ने हॉकी इंडिया पर उठाए सवाल

भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी विवादों में घिर गई है. हॉकी इंडिया ने पारंपरिक नीली जर्सी की जगह मुख्य रूप से भगवा रंग की नई किट पेश की है. इस फैसले पर भारत के पूर्व कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी. हॉकी विश्व कप अगले महीने बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होना है.

Advertisement
भारतीय टीम की नई जर्सी को लेकर बवाल मच गया है. (Photo: Hockey India/Viren Rasquinha) भारतीय टीम की नई जर्सी को लेकर बवाल मच गया है. (Photo: Hockey India/Viren Rasquinha)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:05 PM IST

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम की जर्सी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. दशकों से नीली जर्सी में खेलने वाली भारतीय हॉकी टीम अब विश्व कप में मुख्य रूप से भगवा रंग की किट पहनती नजर आएगी. हॉकी इंडिया के इस फैसले ने खेल जगत में बहस छेड़ दी है.

सबसे ज्यादा खुलकर विरोध करने वालों में भारत के पूर्व कप्तान वीरेन रासकिन्हा शामिल हैं. भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों में गिने जाने वाले रासकिन्हा ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भारतीय टीम की पहचान हमेशा नीले रंग की जर्सी रही है और इसे बदलने का कोई तर्क समझ नहीं आता.

Advertisement

उन्होंने X पर लिखा, 'मुझे ये कहना पड़ रहा है कि हॉकी इंडिया ने भारत लिए कई अच्छे काम किए हैं, लेकिन यह फैसला शर्मनाक है. भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है. मैंने कई वर्षों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है. प्रशंसक भी भारतीय टीम को नीली जर्सी में देखना चाहते हैं. आखिर नारंगी (भगवा) रंग का तर्क क्या है.'

वीरेन रासकिन्हा का मानना है कि भारतीय हॉकी टीम की नीली जर्सी सिर्फ एक रंग नहीं, बल्कि दशकों से बनी उसकी पहचान और विरासत का हिस्सा है. ओलंपिक से लेकर विश्व कप और एशियाई खेलों तक भारतीय टीम को इसी रंग में दुनिया ने देखा है. ऐसे में विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले जर्सी का रंग बदलने का फैसला कई पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों को हैरान कर रहा है.

Advertisement

वीरेन रासकिन्हा की टिप्पणी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने भारतीय हॉकी के स्वर्णिम दौर का हिस्सा रहते हुए देश का नेतृत्व किया है. रासक्विन्हा जूनियर विश्व कप 2001 जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे. इसके बाद उन्होंने सीनियर टीम की कप्तानी भी की. उन्होंने एथेंस ओलंपिक 2004, मेन्स हॉकी विश्व कप 2006 और चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया. उन्हें अपने दौर के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर्स में गिना जाता है.

जर्सी को लेकर विवाद जरूर छिड़ा है, लेकिन दूसरी ओर भारतीय हॉकी टीम विश्व कप की तैयारियों में पूरी तरह जुटी हुई है. मुख्य कोच क्रेग फुल्टन टीम की रणनीति, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर लगातार काम कर रहे हैं. हाल ही में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने स्विट्जरलैंड में पैडी अप्टन के साथ तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया. इसके अलावा टीम पेनल्टी कॉर्नर, सेट-पीस और मैच फिटनेस पर भी खास फोकस कर रही है.

बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का लक्ष्य इतिहास रचना है. भारत ने अपना आखिरी और इकलौता हॉकी विश्व कप खिताब 1975 में जीता था. यानी टीम करीब 50 साल बाद फिर से विश्व चैम्पियन बनने का सपना लेकर मैदान में उतरेगी.

हॉकी इंडिया ने हालांकि इस फैसले का बचाव किया और एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा ,‘इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं है . भगवा जर्सी होने में क्या खराबी है. यह हमारे तिरंगे का एक रंग है और परिवर्तन तो होते रहना चाहिए.' उन्होंने कहा कि नीली टर्फ पर नीली जर्सी पहनने से प्रशंसकों और प्रसारकों को देखने में समस्या आती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »