ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के मेन्स सिंगल्स फाइनल में भारतीय शटलर लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा. 8 मार्च (रविवार) को बर्मिंघम के यूटिलिटा एरिना में हुए खिताबी मुकाबले में लक्ष्य सेन को चीनी ताइपे के लिन चुन-यी (Lin Chun-Yi) के हाथों 15-21, 20-22 से हार का सामना करना पड़ा.
अगर लक्ष्य सेन यह फाइनल जीतते, तो वह ऑल इंग्लैंड ओपन जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाते. महान खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद ही भारत की ओर से ये मेगा उपलब्धि हासिल कर पाए हैं. प्रकाश पादुकोण ने साल 1980 और पुलेला गोपीचंद ने साल 2001 में खिताबी जीत हासिल की थी.
पहले गेम में लिन चुन-यी ने शुरुआत से ही तेज खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली और फिर पूरे गेम में उस बढ़त को बनाए रखा. लक्ष्य सेन ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन लिन चुन-यी ने उन्हें मौका नहीं दिया और पहले गेम को कब्जे में ले लिया. दूसरे गेम में लक्ष्य ने ज्यादातर समय बढ़त बनाए रखा, लेकिन चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने खेल के आखिरी कुछ मिनटों में शानदार खेल दिखाया.
24 वर्षीय लक्ष्य सेन इस समय शानदार फॉर्म में रहे हैं. अल्मोड़ा के इस खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और दमदार खेल दिखाते हुए दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई. लक्ष्य सेन इससे पहले 2022 में भी इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन तब भी उन्हें उपविजेता बनना पड़ा था.
इस बार उन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी शी युकी (Shi Yuqi) को हराकर अपने इरादे साफ कर दिए थे. हालांकि फाइनल में वो दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी लिन चुन-यी की चुनौती से पार नहीं पा सके. लक्ष्य सेन ने लिन चुन-यी के खिलाफ पांचों मुकाबले गंवाए हैं.
aajtak.in