IPl 2023 GT vs MI Live Match Score: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 सीजन में डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात टाइटन्स (GT) ने शानदार अंदाज में जीत दर्ज की. मंगलवार को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में गुजरात टीम ने मुंबई इंडियंस (MI) को 55 रनों से हराया. गुजरात की इस जीत में अफगानिस्तानी स्पिनर नूर अहमद और राशीद खान का शानदार प्रदर्शन रहा.
मुंबई की टीम 208 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी थी, लेकिन नूर और राशीद के जाल में फंसकर 9 विकेट पर 152 रन ही बना सकी. मैच में नूर ने 3 और राशीद ने 2 विकेट लेकर मुंबई टीम को पूरी तरह ध्वस्त किया.
मिलर, अभिनव और गिल ने खेली तूफानी पारी
मुंबई के लिए नेहाल वढेरा ने 21 गेंदों पर सबसे ज्यादा 40 रन बनाए. उनके अलावा कैमरन ग्रीन 33 रन और सूर्यकुमार यादव 23 रन ही बना सके. जबकि गुजरात के लिए नूर और राशीद के अलावा हार्दिक पंड्या और मोहित शर्मा ने 1-1 विकेट लिया.
इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टीम ने 6 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए. टीम के लिए शुभमन गिल ने तूफानी अंदाज में फिफ्टी जमाई. उन्होंने 34 गेंदों पर 56 रन बनाए. आखिर में अभिनव मनोहर ने 21 गेंदों पर 42 रन बनाए. जबकि डेविड मिलर ने 22 गेंदों पर 46 रन जड़े. मुंबई के लिए पीयूष चावला ने 2 विकेट अपने नाम किए.
गुजरात टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर
अब तक गुजरात 7 में से 5 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. उसने लगातार दूसरा मैच जीता है. जबकि मुंबई इंडियंस ने 7 में से 3 ही मैच जीते हैं. रोहित की टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर काबिज है. रोहित की टीम ने लगातार दूसरा मैच गंवाया है.
गुजरात की टीम पिछले सीजन में ही आई है. उसने अपने पहले ही सीजन में खिताब जीत लिया था. यह गुजरात टीम का दूसरा सीजन है. अब तक गुजरात और मुंबई के बीच 2 ही मैच हुए हैं. इन दोनों मुकाबलों में दोनों टीमों ने 1-1 बार बाजी मारी है.
मुंबई की पारी के हाइलाइट्स
- मुंबई टीम ने 7वां विकेट पीयूष चावला के रूप में 135 रनों पर गंवाया. दो रन बाद ही नेहाल वढेरा भी पवेलियन लौट गए. इस तरह टीम को 8वां झटका लगा.
- मुंबई टीम ने 90 रनों पर छठा विकेट गंवाया. सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों पर 23 रन बनाकर चलते बने. उन्हें नूर अहमद ने अपना तीसरा शिकार बनाया.
- 59 रनों पर मुंबई की आधी टीम सिमट गई. नूर अहमद ने 5वां झटका टिम डेविड के रूप में दिया. डेविड बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए.
- मुंबई टीम को चौथा झटका 59 के स्कोर पर लगा. इस बार स्पिनर नूर अहमद ने कैमरन ग्रीन को अपना शिकार बनाया. ग्रीन 26 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए.
- गुजरात टीम ने 45 के स्कोर पर मुंबई को तीसरा झटका दिया. इस बार फिर राशीद ने फिरकी का जादू दिखाया और तिलक वर्मा को शिकार बनाया. तिलक 2 रन बनाकर LBW आउट हुए.
- मुंबई टीम का दूसरा विकेट 43 रनों के स्कोर पर गिरा. स्पिनर राशीद खान ने ईशान किशन को फिरकी में फंसाया और जोश लिटिल के हाथों कैच आउट कराया. ईशान 21 गेंदों पर 13 रन ही बना सके.
- मुंबई इंडियंस को पहला झटका 4 रनों के स्कोर पर लगा. गुजरात टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ने अपने तेज रफ्तार गेंदबाजी के जाल में मुंबई के कैप्टन रोहित शर्मा को फंसाया. पंड्या ने अपनी ही बॉल पर कैच लेकर रोहित को आउट किया. रोहित 2 रन ही बना सके.
गुजरात की पारी के हाइलाइट्स
- गुजरात टाइटन्स ने 172 रनों पर 5वां विकेट गंवाया. तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ ने अभिनव मनोहर को शिकार बनाया. अभिनव ने 21 गेंदों पर 42 रन बनाए.
- गुजरात टीम ने 101 रनों पर चौथा विकेट गंवाया. पीयूष चावला ने विजय शंकर को पवेलियन भेजा. विजय 19 रन ही बना सके.
- शुभमन गिल ने तूफानी अंदाज में फिफ्टी जमाई, लेकिन पारी को लंबी नहीं ले जा सके. स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने गिल को कैच आउट कराया. गिल 34 गेंदों पर 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
- मुंबई को दूसरा विकेट स्पिनर पीयूष चावला ने दिलाया. उन्होंने गुजरात को 50 रनों पर झटका दिया और कप्तान हार्दिक पंड्या को शिकार बनाया. हार्दिक 13 रन बनाकर कैच आउट हुए.
- गुजरात टीम को पहला झटका 12 रनों पर लगा. तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने ऋद्धिमान साहा को शिकार बनाया. साहा 4 रन बनाकर विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच आउट हुए.
मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, नेहाल वढेरा, कुमार कार्तिकेय, अर्जुन तेंदुलकर, रिले मेरेडिथ, पीयूष चावला और जेसन बेहरेनडॉर्फ.
गुजरात टाइटन्स: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विजय शंकर, अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशीद खान, मोहम्मद शमी, नूर अहमद और मोहित शर्मा.
aajtak.in