फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया. मुकाबले में स्पेन की यंग टीम ने शुरुआत से ही फ्रांस पर दबाव बनाए रखा और कीलियन एम्बाप्पे जैसे बड़े स्टार को भी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
स्पेन के लिए 22वें मिनट में मिकेल ओयारजाबाल ने पेनाल्टी पर पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल करके फ्रांस की वापसी की उम्मीदों पर लगभग विराम लगा दिया.
फ्रांस के पास एम्बाप्पे जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन स्पेन की मजबूत डिफेंस और मिडफील्ड के सामने उनकी टीम साफ तौर पर संघर्ष करती नजर आई. फ्रांस पूरे मैच में ज्यादा साफ गोल करने के मौके नहीं बना सका.
अब स्पेन फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसका मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता इंग्लैंड और अर्जेंटीना में से किसी एक टीम से होगा.
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
स्पेन की जीत के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स और रिएक्शन की बाढ़ आ गई. सबसे ज्यादा चर्चा स्पेन के 18 वर्षीय स्टार लामिन यामाल और फ्रांस के कप्तान कीलियन एम्बाप्पे को लेकर हुई.
एक यूजर ने एम्बाप्पे का रोते हुए और यामाल का हंसते हुए मीम्स शेयर किया, वहीं एक और मीम्स में यामाल, एम्बाप्पे को बच्चे की तरह टब में नहलाते हुए नजर आए. कुल मिलाकर यामाल के प्रदर्शन की जमकर तारीफ हुई, जबकि एम्बाप्पे को लेकर कई मजाकिया पोस्ट वायरल होने लगे.
हार के बाद एम्बाप्पे ने मानी टीम की कमजोरी
मैच के बाद कीलियन एम्बाप्पे ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि टीम वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसकी जरूरत वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में होती है.
उन्होंने कहा- मिडफील्ड में हम लगातार पिछड़ रहे थे और स्पेन जैसी टीम के खिलाफ यह बड़ी समस्या बन जाती है. कुल मिलाकर यही हार की वजह बनी. यह बहुत बड़ी निराशा है.
एम्बाप्पे ने आगे कहा- हमने वैसा मैच नहीं खेला जैसा खेलना चाहते थे. चाहे रणनीति हो, तकनीक हो या हमारा ओवरऑल प्रदर्शन, हम अपने स्तर पर नहीं थे. जब आप वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं देते, तो जीत नहीं सकते.
काफू के रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूके
अगर फ्रांस यह मुकाबला जीत जाता तो एम्बाप्पे ब्राजील के महान खिलाड़ी काफू (Cafu) के बाद ऐसे दूसरे फुटबॉलर बन जाते, जो तीन फीफा वर्ल्ड कप फाइनल खेलते.
लेकिन हार के साथ उनका यह सपना टूट गया. अब फ्रांस शनिवार को मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में तीसरे स्थान के मुकाबले में उतरेगा.
2028 यूरो कप पर नजर
निराशा के बावजूद एम्बाप्पे ने कहा कि फ्रांस की युवा और प्रतिभाशाली टीम भविष्य में वापसी कर सकती है.
उन्होंने कहा-हमारा सपना फाइनल में पहुंचकर अपने देश को इतिहास रचने का मौका देना था, लेकिन अब हमें इस हार को स्वीकार करना होगा. जीत हो या हार, सिर ऊंचा रखकर आगे बढ़ना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा- फिलहाल हम सभी बेहद निराश हैं. इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. अब छुट्टियां बिताकर लौटना होगा, क्योंकि फुटबॉल किसी का इंतजार नहीं करता. हमें फिर से शुरुआत करनी होगी और इस हार से सीख लेनी होगी.
मैक्रों ने भी बढ़ाया स्पेन का हौसला, फ्रांस की टीम को दिया भरोसा
फ्रांस की हार के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने स्पेन को फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी, वहीं फ्रांस की युवा टीम का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य के लिए भरोसा जताया.
मैक्रों ने लिखा- स्पेन को फाइनल में पहुंचने पर बधाई. हमारे रंगों का पूरे समर्पण के साथ प्रतिनिधित्व करने के लिए 'ले ब्लू' का धन्यवाद. आज की हार स्वीकार करना मुश्किल है, लेकिन यह टीम युवा है और इसमें भविष्य के लिए अपार संभावनाएं हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क