फ्रांस को हराकर स्पेन ने वर्ल्ड कप फाइनल का टिकट क्या कटाया, सोशल मीडिया पर यामाल की लव स्टोरी ही छा गई. अंतिम सीटी बजते ही गर्लफ्रेंड इनेस गार्सिया सैंटोस ने ऐसा रोमांटिक पोस्ट किया कि इंटरनेट पर हलचल मच गई. फिर 19 साल के स्टार लामिन यामाल ने भी ऐसा जवाब दिया, जिसने लाखों फुटबॉल फैन्स का दिल जीत लिया.
दरअसल, स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया तो मैदान पर लामिन यामाल छाए रहे. वहीं, मैच खत्म होने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर उनकी गर्लफ्रेंड और स्पेनिश इन्फ्लुएंसर इनेस गार्सिया सैंटोस का रोमांटिक पोस्ट वायरल हो गया. दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर हुई छोटी-सी बातचीत अब फुटबॉल फैन्स के बीच चर्चा का विषय बन गई है.
स्पेन की जीत के बाद इनेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यामाल के लिए लिखा, 'Estás en la final 🤎 See you NY." यानी, 'तुम फाइनल में पहुंच गए... न्यूयॉर्क में मिलते हैं.' यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में हजारों लाइक्स और कमेंट्स बटोरने लगी.
यामाल ने भी अपनी गर्लफ्रेंड को इंतजार नहीं कराया. उन्होंने कमेंट में बेहद प्यारा जवाब दिया, 'Love uu, te lo digo en inglés pa acostumbrarme 🙂↔️🤎.' इसका मतलब है, 'लव यू... मैं तुम्हें अंग्रेजी में इसलिए कह रहा हूं ताकि इसकी आदत पड़ जाए.'
यामाल का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैन्स इसे दोनों के रिश्ते का सबसे क्यूट मोमेंट बता रहे हैं.
इनेस गार्सिया सैंटोस और लामिन यामाल ने इसी साल अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. एक इंटरव्यू में इनेस ने बताया था कि उनकी मुलाकात किसी फिल्मी अंदाज में नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. इसके बाद से दोनों अक्सर एक-दूसरे की पोस्ट पर प्यार भरे कमेंट करते नजर आते हैं.
दरअसल, इनेस पहले ही चाहती थीं कि स्पेन किसी भी कीमत पर वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचे.
दरअसल, वर्ल्ड कप फाइनल के हाफटाइम शो में जस्टिन बीबर समेत कई बड़े कलाकारों के परफॉर्म करने की घोषणा के बाद इनेस खुद को रोक नहीं सकीं. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर स्पेनिश में लिखा, 'Mi amor, haz lo que sea para llegar a la final. ¿Me escuchas? ¡Lo que sea!' यानी, 'मेरे प्यार... फाइनल में पहुंचने के लिए जो भी करना पड़े, करो. सुन रहे हो न? किसी भी कीमत पर!' स्पेन के फाइनल में पहुंचने के बाद उनकी यह इच्छा भी पूरी हो गई.
मैच की बात करें तो यामाल ने फ्रांस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. उनकी तेजी और ड्रिब्लिंग ने फ्रांस के डिफेंस को लगातार परेशान किया. 22वें मिनट में उन्होंने पेनाल्टी दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसे मिकेल ओयारजाबाल ने गोल में बदला. इसके बाद 55वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल कर स्पेन की 2-0 की जीत सुनिश्चित कर दी.
अब स्पेन की नजर विश्व कप ट्रॉफी पर है. फाइनल में उसका सामना अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. ऐसे में न्यूयॉर्क में होने वाले खिताबी मुकाबले के साथ-साथ फैंस की नजर यामाल और इनेस की इस चर्चित जोड़ी पर भी रहेगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क