फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. पांच बार की विश्व चैम्पियन टीम को अपने पहले ही मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ा. 14 जून (रविवार) को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में मोरक्को ने ब्राजील को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. अगर अंतिम क्षणों में गोलकीपर एलिसन बेकर ने शानदार बचाव नहीं किया होता, तो ब्राजील को हार का सामना भी करना पड़ सकता था.
इस हाईवोल्टेज मुकाबले में मोरक्को ने शुरुआत से ही ब्राजील पर दबाव बनाए रखा. चार साल पहले विश्व कप सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अफ्रीकी टीम ने दिखा दिया कि वह इस बार भी किसी बड़े उलटफेर को अंजाम देने की क्षमता रखती है. मैच के शुरुआती 20 मिनटों में ब्राजील अपनी लय तलाशता नजर आया, जबकि मोरक्को लगातार आक्रामक फुटबॉल खेल रहा था.
इसका फायदा उसे 21वें मिनट में मिला. ब्राजील के मिडफील्डर लुकास पाक्वेटा की गलती के बाद मोरक्को ने तेज काउंटर अटैक शुरू किया. ब्राहिम डियाज की शानदार थ्रू बॉल पर इस्माइल सैबारी ने बेहतरीन रन लगाया और गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से गेंद को नेट में पहुंचाकर मोरक्को को 1-0 की बढ़त दिला दी. गोल के बाद स्टेडियम में मौजूद मोरक्को समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया, जबकि ब्राजील के प्रशंसक हैरान नजर आए.
विनीसियस जूनियर ने किया जबरदस्त गोल
मोरक्को की बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी. 32वें मिनट में ब्राजील के सबसे बड़े सितारों में से एक विनीसियस जूनियर ने अपनी क्लास दिखाई. ब्रूनो गुइमारेस के साथ बेहतरीन तालमेल बनाते हुए विनीसियस बाईं ओर से आगे बढ़े. उन्होंने डिफेंडरों को छकाया और फिर दाएं पैर से ऐसा शानदार शॉट लगाया, जिसे रोकने की कोशिश में यासीन बोनो पूरी तरह बेबस नजर आए. गेंद सीधे गोलपोस्ट के कोने में जाकर समा गई और स्कोर 1-1 हो गया. यह विनीसियस के अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां गोल था.
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जीत के लिए जोर लगाया, लेकिन मोरक्को ज्यादा खतरनाक नजर आया. इंजरी टाइम में अफ्रीकी टीम के पास मैच जीतने का सुनहरा मौका भी आया. नील एल ऐनाउई के शॉट को एलिसन पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके. रिबाउंड पर अयूबे अमाइमौनी के पास गोल करने का मौका था, लेकिन ब्राजील के गोलकीपर ने जमीन पर गिरते हुए अविश्वसनीय बचाव कर अपनी टीम को हार से बचा लिया. यह बचाव मैच का निर्णायक पल साबित हुआ.
ब्राजील इस मुकाबले में अपने स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर के बिना उतरा था. पिंडली की चोट से उबर रहे नेमार टीम का हिस्सा नहीं बन सके. उनकी गैरमौजूदगी में ब्राजील की आक्रमण पंक्ति कई बार असंतुलित नजर आई. कोच कार्लो एंसेलोटी की अगुवाई में विश्व कप खेल रही ब्राजील की टीम से फैन्स को काफी उम्मीदें हैं, लेकिन पहले मुकाबले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं.
ब्राजील जीत हासिल नहीं कर सका, लेकिन टीम ने विश्व कप के शुरुआती मैचों में अपना शानदार रिकॉर्ड कायम रखा. ब्राजील अब लगातार 21 विश्व कप ओपनिंग मैचों में अपराजित है. उसे आखिरी बार 1934 में स्पेन के खिलाफ ओपनिंग मैच में हार झेलनी पड़ी थी. यानी 92 साल से अधिक समय से ब्राजील अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत हार के साथ नहीं कर रहा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क