FIFA World Cup 2026 Prize Money: वर्ल्ड चैम्पियन स्पेन को मिले करोड़ों, रनरअप टीम अर्जेंटीना भी मालामाल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद स्पेन ने सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं उठाई, बल्कि रिकॉर्ड इनामी राशि भी अपने नाम कर ली. रोड्री की टीम को चैम्पियन बनने पर 50 मिलियन डॉलर मिले, जो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी विजेता टीम को मिली सबसे बड़ी प्राइज मनी है.

Advertisement
फीफा वर्ल्ड कप में टीम्स पर बरसे अरबों रुपये (Photo: Reuters) फीफा वर्ल्ड कप में टीम्स पर बरसे अरबों रुपये (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • न्यू जर्सी,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:38 AM IST

रोड्री की अगुवाई वाली स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया. मुकाबला एस्ट्रा टाइम में गया, जहां फेरान टोरेस गोल करने में कामयाब रहे. इस जीत की चमक सिर्फ ट्रॉफी तक सीमित नहीं रही. चैम्पियन बनने के साथ स्पेन ने रिकॉर्ड इनामी राशि भी अपने नाम कर ली.

Advertisement

FIFA ने विश्व विजेता स्पेन को 50 मिलियन डॉलर (करीब 481 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी दी. यह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी चैम्पियन टीम को मिली सबसे बड़ी रकम है. 2022 में अर्जेंटीना को खिताब जीतने पर 42 मिलियन डॉलर मिले थे. यानी इस बार विजेता की इनामी राशि में 8 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ.
यह भी पढ़ें: स्पेन बना फुटबॉल का नया बादशाह, फाइनल में मेसी की अर्जेंटीना को 1-0 से हराया, फेरान टोरेस रहे जीत के हीरो

फाइनल में हार झेलने वाले अर्जेंटीना को भी मोटी रकम मिली. रनर-अप टीम को 33 मिलियन डॉलर (करीब 318 करोड़ रुपये) दिए गए, जो पिछले विश्व कप से 3 मिलियन डॉलर अधिक हैं. तीसरे स्थान पर रहे इंग्लैंड को 29 मिलियन डॉलर (लगभग 279 करोड़ रुपये), जबकि चौथे स्थान पर रहने वाले फ्रांस को 27 मिलियन डॉलर (लगभग 260 करोड़ रुपये) मिले.

Advertisement

फिसड्डी टीमों को भी मिले करोड़ों रुपये
फीफा ने इस बार 48 टीमों के नए फॉर्मेट वाले टूर्नामेंट में प्राइज मनी को भी काफी बढ़ा दिया. क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली हर टीम को 19 मिलियन डॉलर (करीब 183 करोड़ रुपये) मिले. वहीं राउंड ऑफ 16 में बाहर होने वाली हर टीम को 15 मिलियन डॉलर (करीब 144 करोड़ रुपये) दिए गए. राउंड ऑफ 32 में हारने वाली हर टीम के लिए 11 मिलियन डॉलर (लगभग 106 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी निर्धारित की गई थी. जबकि ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली हर टीम को 9 मिलियन डॉलर (करीब 87 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी दी गई.

इस बार FIFA ने सभी 48 क्वालिफाई करने वाली टीमों को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही आर्थिक सहायता दी. हर टीम को 10 मिलियन डॉलर (करीब 96 करोड़ रुपये) की क्वालिफिकेशन फीस और 2.5 मिलियन डॉलर (करीब 24 करोड़ रुपये) तैयारी के लिए दिए गए. यानी किसी भी टीम को पहला मैच खेलने से पहले ही 12.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये) गारंटी मनी के तौर पर मिल गई.

FIFA ने वर्ल्ड कप 2026 में कुल 871 मिलियन डॉलर (करीब 8386 करोड़ रुपये) बांटे, जो पिछले संस्करण के मुकाबले 431 मिलियन डॉलर ज्यादा है. इसमें 655 मिलियन डॉलर परफॉर्मेंस के आधार पर बांटे गए, जबकि बाकी राशि क्वालिफिकेशन और तैयारी फंड के रूप में दी गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »