भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी से माफी मांगी है. यह माफी युवराज के पिता योगराज सिंह द्वारा वर्षों से दिए जा रहे विवादित बयानों को लेकर आई है. दरअसल, योगराज सिंह लंबे समय से पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर आरोप लगाते रहे हैं कि उन्होंने युवराज को भारतीय टीम से बाहर कराया. हालांकि, युवराज ने हमेशा इन विवादों से दूरी बनाए रखी और सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी.
सिर्फ एमएस धोनी ही नहीं, योगराज सिंह ने पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव पर भी गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि 1980 के दशक में उनके करियर को कपिल ने नुकसान पहुंचाया. यहां तक कि एक चौंकाने वाले बयान में योगराज ने यह भी कहा था कि वह एक बार कपिल देव के घर पिस्टल लेकर पहुंच गए थे. हालांकि कपिल देव ने इन आरोपों पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी और मामले को बढ़ाने से बचते रहे.
यह भी पढ़ें: 'खिलाड़ियों की पत्नियां बनती हैं रिटायरमेंट की वजह...', योगराज का विवादित बयान, कोहली-रोहित पर भड़के
स्पोर्ट्स तक के एक टीजर वीडियो में युवराज सिंह ने कहा, 'मैं कपिल देव और एमएस धोनी से माफी मांगना चाहता हूं. उन्होंने यह भी साफ किया कि वह अपने पिता के बयानों से सहमत नहीं हैं और इस बारे में उन्होंने उन्हें समझाया भी है. युवराज ने कहा, “मैंने डैड से कहा है कि यह ठीक नहीं है.'
हालांकि हाल के समय में योगराज सिंह का रुख कुछ नरम पड़ा है. उन्होंने एमएस धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि धोनी लंबे समय तक खेलते रहें. वहीं पूर्व चयनकर्ता संदीप पाटिल ने भी साफ किया था कि युवराज को टीम से बाहर करने का फैसला चयनकर्ताओं का था, ना कि धोनी का.
युवराज सिंह ने यह भी खुलासा किया कि 2017 में जब वह टीम में वापसी कर रहे थे, तब एमएस धोनी ने उन्हें साफ तौर पर उनकी भूमिका के बारे में बताया था. इससे उन्हें अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता मिली और अंततः 2019 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया.
यह भी पढ़ें: 'उनकी कलाई कमाल की है...', धोनी को लेकर बदले योगराज सिंह के सुर, कहा- 10 साल और IPL खेलें माही
यह पूरा मामला अब एक बार फिर चर्चा में आ गया है, लेकिन युवराज सिंह के इस कदम ने विवाद को शांत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल जरूर की है. यह बयान युवराज के लंबे समय बाद आने वाले एक पॉडकास्ट का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर बात की है. टीजर में वह विराट कोहली, रोहित शर्मा, संजू सैसमन, ऋषभ पंत और युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों पर भी अपनी राय रखते नजर आए.
युवराज सिंह का यह बयान ना सिर्फ एक माफी है, बल्कि एक परिपक्व और जिम्मेदार खिलाड़ी की सोच को भी दर्शाता है. उन्होंने साफ कर दिया कि वह विवादों से दूर रहकर रिश्तों और सम्मान को प्राथमिकता देते हैं.
aajtak.in