पाकिस्तानी टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी. पाकिस्तान ने 28 फरवरी (शनिवार) को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में 5 रनों से जीत हासिल की, लेकिन ये जीत उसे अंतिम-चार में पहुंचाने के लिए काफी नहीं थी. पाकिस्तानी टीम यदि श्रीलंका को 147 या उससे कम के स्कोर पर रोकती, तो उसका नेट रनरेट न्यूजीलैंड से बेहतर होता. रन चेज में श्रीलंका ने 6 विकेट पर 207 रन बना दिए और पाकिस्तान को नॉकआउट होना पड़ा.
ग्रुप-2 से न्यूजीलैंड ने बेहतर नेट रनरेट के आधार पर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. इंग्लैंड पहले ही इस ग्रुप में अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका था. मुकाबले में एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान मेजबान टीम को 147 से कम के स्कोर पर रोकने में कामयाब हो जाएगा. दरअसल श्रीलंका का स्कोर एक समय 12 ओवरों में पांच विकेट पर 101 रन था. लेकिन यहां से पवन रत्नायके ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर पाकिस्तानी टीम की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया.
पवन रत्नायके 5वें ओवर में ही बल्लेबाजी के लिए आ गए थे, जब कामिल मिशारा के रूप में श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा था. शुरुआत में तो रत्नायके ने संभलकर की बैटिंग की, लेकिन टीम पर प्रेशर बढ़ने के बाद उन्होंने गियर बदल लिया. रत्नायके ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 37 गेंदों पर 58 रन बनाए. रत्नायके ने इस दौरान कप्तान दासुन शनाका के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की, जो पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर करने के लिए काफी थी.
पवन रत्नायके के आउट होने के बाद तो दासुन शनाका पाकिस्तानी गेंदबाजों पर टूट पड़े. शनाका ने आखिरी कुछ ओवरों में छक्कों की बरसात कर डाली, हालांकि वो टीम को जीत नहीं दिला पाए. शनाका ने 31 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और दो चौके शामिल रहे.
पवन रत्नायके के आंकड़े बेहद शानदार
पवन रत्नायके का जन्म 24 अगस्त 2002 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में हुआ. रत्ननायके ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद श्रीलंका की सीनियर टीम में जगह बनाई. रत्नायके ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू नवंबर 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में किया था. रत्नायके श्रीलंका अंडर-19, श्रीलंका एमर्जिंग टीम और श्रीलंका-ए का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
23 साल के पवन रत्नायके ने अब तक श्रीलंका के लिए 4 ओडीआई और 12 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में 48.50 की औसत और एक शतक की मदद से 194 रन बनाए हैं. टी20 इंटरनेशनल में रत्नायके के नाम पर 29.55 के एवरेज से 266 रन दर्ज हैं. टी20 इंटरनेशनल में रत्नायके ने दो अर्धशतक लगाए हैं.
पवन रत्नायके का फर्स्ट क्लास करियर तो काफी शानदार रहा है. रत्नायके ने 58 फर्स्ट क्लास मैचों में 50.06 की औसत से 3755 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल रहे. वहीं 83 लिस्ट-ए मैचों में रत्नायके के नाम पर 45.06 की औसत से 2704 रन दर्ज हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में रत्नायके ने 7 शतक और 10 अर्धशतक जड़े हैं. रत्नायक ने 40 टी20 मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने 17.62 की औसत से 511 रन स्कोर किए.
aajtak.in