15 साल के वैभव सूर्यवंशी इंडिया-ए की ओर से एक बार फिर एक्शन में दिखाई देने वाले हैं. इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच ट्राई सीरीज का अहम मुकाबला सोमवार (15 जून) को दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है. मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा. दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि फाइनल में जगह बनाने की जंग अब और रोमांचक हो गई है.
इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें पहले भी आमने-सामने आ चुकी हैं, जहां इंडिया-ए ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-ए को 8 रनों से हराया था. उस मैच में श्रीलंकाई टीम लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी क्रम के बिखरने के कारण जीत हासिल नहीं कर सकी थी. अब मेजबान टीम उस हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
दूसरी ओर इंडिया-ए की टीम फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी. ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. मुकाबले में सबकी निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर ही होंगी, जो इस मैच में तूफान मचाना चाहेंगे. वैभव ने श्रीलंका-ए के खिलाफ पहले मैच में सिर्फ 14 रन बनाए थे. लेकिन फिर अफगानिस्तान-ए के विरुद्ध उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से 44 रन कूट डाले थे. कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ भी अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखना चाहेंगे.
दांबुला की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से कुछ मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है. मिडिल ओवर्स में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं. पिच से उन्हें टर्न मिलने की संभावना है, जिससे वे रन गति पर अंकुश लगाने की करेंगे. हालांकि हाल के दिनों में दांबुला में बारिश ने कई मुकाबलों को प्रभावित किया है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम को बड़ा फायदा मिल सकता है क्योंकि बारिश की स्थिति में डीएलएस नियम मैच का रुख बदल सकता है.
इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं SonyLiv ऐप और उसकी वेबसाइट पर भी मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग होगी. फाइनल की रेस को देखते हुए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' जैसा साबित हो सकता है. ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद रहेगी.
इंडिया-ए का फुल स्क्वॉड: तिलक वर्मा (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), यश ठाकुर, विप्रज निगम, युद्धवीर सिंह चरक, अरशद खान, अंशुल कम्बोज और अनुकूल रॉय.
श्रीलंका-ए का फुल स्कॉड: अविष्का फर्नांडो, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानीदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, चमिका गुणसेकरा, रविन्दु फर्नांडो, गरुका संकेथ, विशेन हलंबगे, कुगाथास मथुलन और दुलाज समुदिता.
ट्राई सीरीज का शेड्यूल
♦ 09 जून: इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 8 रनों से हराया
♦ 11 जून: इंडिया-ए पर अफगानिस्तान-ए की 4 रनों से जीत (DLS)
♦ 13 जून: श्रीलंका-ए ने अफगानिस्तान-ए को 8 विकेट से रौंदा (DLS)
♦ 15 जून: इंडिया-ए vs श्रीलंका-ए
♦ 17 जून: इंडिया-ए vs अफगानिस्तान-ए
♦ 19 जून: अफगानिस्तान-ए vs श्रीलंका-ए
♦ 21-जून: फाइनल
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क