भारत के उभरते बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को लेकर अब दुनिया भर के दिग्गज अपनी राय देने लगे हैं. महज 15 साल की उम्र में IPL में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा बल्लेबाज को लेकर साउथ अफ्रीका के पूर्व सुपरस्टार एबी डीविलियर्स ने बड़ी सलाह दी है.
डीविलियर्स का मानना है कि वैभव को सिर्फ T20 क्रिकेट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी खुद को आजमाना चाहिए. स्टुअर्ट ब्रॉड के पॉडकास्ट ‘For The Love of Cricket’ में बातचीत के दौरान डीविलियर्स ने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव का टैलेंट असाधारण है, लेकिन असली चुनौती लंबे फॉर्मेट में सामने आएगी.
उन्होंने कहा- मैं उसे दूसरे फॉर्मेट में देखना चाहता हूं. टेस्ट क्रिकेट में उसे पता चलेगा कि असली चुनौती क्या होती है. अगर कोई उसे सिर्फ T20 स्पेशलिस्ट बनने की सलाह देता है तो उसका करियर लंबा और सफल हो सकता है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट मानसिक और शारीरिक रूप से खिलाड़ी को अलग स्तर पर परखता है.
डीविलियर्स ने आगे कहा कि अगर वैभव वनडे और खासकर टेस्ट क्रिकेट में कदम रखते हैं तो उन्हें खेल का बिल्कुल अलग अनुभव मिलेगा. उन्होंने माना कि यह सफर आसान नहीं होगा और इसमें कई मुश्किलें आएंगी, लेकिन वैभव में उन चुनौतियों को पार करने की क्षमता मौजूद है. डीविलियर्स ने उम्मीद जताई कि भारतीय युवा बल्लेबाज देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना जरूर देखेगा.
देखें वीडियो: 42:25 सेकंड से, जब एबी ने वैभव को कई अहम सलाह दीं
IPL में वैभव का प्रदर्शन अब तक कैसा रहा
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन IPL में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं. उन्होंने 11 पारियों में 440 रन बनाए हैं. उनका औसत 40 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 236 से ज्यादा का है. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए.
सबसे खास बात यह रही कि वैभव ने दुनिया के बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की. उन्होंने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों पर जमकर रन बनाए.
रेड-बॉल क्रिकेट वैभव का प्रदर्शन कैसा रहा
जहां T20 क्रिकेट में वैभव का बल्ला आग उगल रहा है, वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड अभी साधारण है. उन्होंने 8 फर्स्ट क्लास मैचों में सिर्फ 207 रन बनाए हैं और उनका औसत 17.25 का रहा है. यही वजह है कि क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में उन्हें अभी लंबा सफर तय करना है.
अंडर-19 क्रिकेट में रिकॉर्डों की बरसात
इस साल हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 7 मैचों में 439 रन बनाए और टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनका औसत 62.71 और स्ट्राइक रेट करीब 170 का रहा.
वैभव ने इस टूर्नामेंट में 30 छक्के लगाकर नया इतिहास रच दिया. उन्होंने साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस का रिकॉर्ड तोड़ा. अंडर-19 वनडे क्रिकेट में वैभव अब तक 25 पारियों में 1412 रन बना चुके हैं. उनका औसत 56 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट 165 से ऊपर का है.
सिर्फ जूनियर क्रिकेट ही नहीं, सीनियर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी वैभव का प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने 28 T20 मैचों में 1105 रन बनाए हैं. उनका औसत 40.92 और स्ट्राइक रेट 215.39 का है. वहीं लिस्ट-A क्रिकेट में उन्होंने 8 पारियों में 353 रन बनाए हैं, जिसमें 190 रन की बड़ी पारी भी शामिल है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क