इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच दांबुला में सोमवार (15 जून) को खेले गए रोमांचक मुकाबले का अंत विवाद के साथ हुआ. सुपर ओवर में हार झेलने के बाद युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपना आपा खो बैठे और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि मैदान पर मारपीर की नौबत तक आ गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना सुपर ओवर की आखिरी गेंद के तुरंत बाद हुई. उस समय इंडिया-ए को जीत के लिए अंतिम गेंद पर 8 रनों की थी. यानी मुकाबला इंडिया-ए के हाथों से निकल चुका था. श्रीलंका-ए के गेंदबाज कुगाथास मथुलन ने शानदार यॉर्कर फेंककर आखिरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को कोई रन नहीं बनाने दिया और अपनी टीम को जीत दिला दी.
जैसे ही मैच समाप्त हुआ, कुगाथास मथुलन और श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जोरदार अंदाज में जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया. इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी कुछ बातों से नाराज नजर आए. हालांकि विवाद की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें विरोधी खिलाड़ियों के जश्न मनाने के तरीके या किसी टिप्पणी पर आपत्ति थी.
वैभव ने श्रीलंकाई खिलाड़ी को दिया धक्का!
वीडियो में देखा जा सकता है कि वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ बहस करते नजर आते हैं. बहस के दौरान उन्होंने एक खिलाड़ी को धक्का भी दिया. स्थिति को बिगड़ता देख अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला बीच-बचाव के लिए आगे आए और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की.
मैच के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे, तब भी वैभव सूर्यवंशी का गुस्सा शांत नहीं हुआ था. उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें समझाया और मैदान से बाहर लेकर गए. कमेंटेटर्स ने भी इस घटना पर निराशा जताते हुए कहा कि इतने शानदार और रोमांचक मुकाबले का अंत इस तरह के विवाद से नहीं होना चाहिए था.
इस मुकाबले में तनाव सिर्फ मैच खत्म होने के बाद ही नहीं दिखा. सुपर ओवर से पहले और सुपर ओवर के दौरान इंडिया-ए के कप्तान तिलक वर्मा भी अंपायरों से बहस करते नजर आए. पहले उन्होंने रोशनी को लेकर अंपायरों को समझाने की कोशिश की कि खेल जारी रखा जा सकता है.
इसके बाद सुपर ओवर में फेंकी गई एक गेंद को नोबॉल करार देने पर उनकी अंपायरों से बहस हुई. मैदान पर आक्रामक तेवर दिखाने वाले वैभव सूर्यवंशी बल्ले से ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके. युवा ओपनर ने 14 गेंदों पर 21 रन बनाए. उनसे टीम को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उसे पूरा नहीं कर पाए.
यह पहला मौका नहीं है जब वैभव सूर्यवंशी मैदान पर किसी विरोधी खिलाड़ी से उलझे हों. पिछले साल अंडर-19 एशिया कप फाइनल के दौरान वो पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा के साथ बहस में पड़ गए थे. उस मुकाबले में आउट होने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई थी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क