IND vs NZ: पहले नंबर-3, अब नंबर-5... तिलक वर्मा हुए और खतरनाक, पहली गेंद से बाउंड्री ठोकने का बनाया प्लान!

भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा ने नंबर-3 से नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने के बाद अपनी सोच में बदलाव की बात कही है. अब वह पहली गेंद से बाउंड्री लगाने का मौका तलाशते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर सिंगल-डबल से पारी आगे बढ़ाते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत सीरीज जीत चुका है और तिलक की नजरें 5-0 के क्लीन स्वीप पर हैं.

Advertisement
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 ऑकलैंड में शुक्रवार को है (Photo: X/@BCCI) भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 ऑकलैंड में शुक्रवार को है (Photo: X/@BCCI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ऑकलैंड ,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:39 PM IST

भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा का बल्लेबाजी क्रम बदलने के साथ अंदाज भी बदला है. पहले नंबर-3 पर उतरने वाले तिलक अब नंबर-5 या नंबर-6 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस बदलाव ने उनकी सोच में थोड़ा फर्क लाया है. अब वह पहली गेंद से ही बाउंड्री लगाने का मौका तलाशते हैं, हालांकि इसके लिए गेंद का हिट करने लायक होना जरूरी है.

Advertisement

तिलक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल से पहले ऑकलैंड में यह बात कही. पिछले 12 महीनों में उन्होंने रन चेज के दौरान अपनी बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भी उन्होंने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है.

'पहली गेंद से बाउंड्री का मौका तलाशता हूं'
तिलक ने कहा- मेरे पास पहले से ही पावर गेम था. मैंने नंबर-3 पर भी रन बनाए हैं. अब नंबर-5 या नंबर-6 पर बल्लेबाजी करते हुए मैं पहली ही गेंद पर बाउंड्री लगाने के बारे में सोचता हूं, लेकिन तभी जब गेंद हिट करने लायक हो.

उन्होंने आगे कहा- अगर ऐसा मौका नहीं मिलता, तो मेरा ध्यान मैच को आखिरी ओवरों तक ले जाने पर रहता है. मैं थोड़ा समय लेता हूं. शुरुआत में सिंगल और डबल लेने, गैप तलाशने और चौके या दो रन जुटाने पर ध्यान देता हूं. 

Advertisement

डेथ ओवर्स में गेंदबाजों पर बनाते हैं प्रेशर 
रन चेज के दौरान तिलक सिर्फ अपने शॉट्स पर ही नहीं, बल्कि गेंदबाजों की मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देते हैं. उनका मानना है कि आखिरी ओवरों में बल्लेबाज के मुकाबले गेंदबाज पर ज्यादा दबाव होता है.

नीतीश रेड्डी से त‍िलक वर्मा की क्या बात हुई थी?
हेगले ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टारगेट का पीछा करते हुए नीतीश रेड्डी के साथ अपनी पार्टनरश‍िप को याद करते हुए तिलक ने बताया कि उन्होंने अपने साथी बल्लेबाज से क्या कहा था.

उन्होंने कहा- मैंने नीतीश से कहा था कि अगर हम यहां से मैच निकाल लेते हैं, तो बहुत मजा आएगा. बस क्रीज पर टिके रहो, मैच को आखिरी तक ले चलो और फिर देखते हैं कि क्या होता है.

भारत की नजरें 5-0 के क्लीन स्वीप पर
भारतीय टीम सीरीज अपने नाम कर चुकी है, लेकिन तिलक की नजरें अब बाकी दोनों मुकाबले जीतकर क्लीन स्वीप करने पर हैं. उन्होंने कहा कि टीम इसे 5-0 से जीतने के शानदार मौके के तौर पर देख रही है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »