S Meghana Retirement: 30 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेटर मेघना का संन्यास, टीम इंडिया के लिए खेले सिर्फ 20 मैच

भारतीय क्रिकेटर एस मेघना (सब्भिनेनी मेघना) ने 30 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया है. उन्होंने भारत के लिए 3 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. मेघना ने आखिरी बार 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. वह WPL में भी तीन सीजन खेलीं.

Advertisement
30 साल की उम्र में एस मेघना ने लिया संन्यास ( Photo: Instagram/@meghanasabbineni22) 30 साल की उम्र में एस मेघना ने लिया संन्यास ( Photo: Instagram/@meghanasabbineni22)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:13 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेटर एस मेघना (सब्भिनेनी मेघना) ने 30 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है. मेघना ने भारत के लिए 3 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2022 में खेला था. वह महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भी तीन सीजन का हिस्सा रहीं.

मेघना ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने संन्यास की जानकारी दी. उन्होंने लिखा- जब मैं एक खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर रही हूं, तो मेरा दिल आभार से भरा है. उन्होंने कहा कि मैदान उनके लिए दूसरे घर जैसा रहा, जिसने उन्हें मुश्किलों का सामना करना, विनम्र रहना सिखाया और जिंदगी भर साथ रहने वाली यादें और दोस्तियां दीं.

Advertisement

वनडे और टी20 इंटरनेशनल में ऐसा रहा रिकॉर्ड
एस मेघना ने नवंबर 2016 में विजयवाड़ा में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. वहीं, फरवरी 2022 में न्यूजीलैंड के क्वीन्सटाउन में उन्होंने 3 वनडे इंटरनेशनल में पदार्पण किया. अपने वनडे करियर में उन्होंने 114 रन बनाए, जबकि 17 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 258 रन रहे. दोनों व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उन्होंने एक-एक अर्धशतक भी लगाया.

WPL में भी खेलीं तीन सीजन
मेघना ने महिला प्रीमियर लीग में तीन सीजन हिस्सा लिया. उन्होंने 2023 में गुजरात जायंट्स के साथ अपने WPL करियर की शुरुआत की. इसके बाद वह 2024 और 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलीं. WPL के 15 मैचों में उन्होंने 302 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा. WPL में उनका आखिरी प्रदर्शन 2025 में था.

Advertisement

क्रिकेट से जुड़ी रहेंगी मेघना
संन्यास के बाद मेघना ने क्रिकेट से अपना जुड़ाव बनाए रखने की इच्छा जताई. उन्होंने लिखा; भले ही एक खिलाड़ी के तौर पर मेरे क्रिकेट के दिन खत्म हो रहे हैं, लेकिन क्रिकेट से मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा.

उन्होंने आगे कहा कि वह इस खेल को कुछ लौटाना चाहती हैं, अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देना चाहती हैं और उस खेल की सेवा करना चाहती हैं, जिसने उन्हें सब कुछ दिया है.

 


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »