Sourav Ganguly Birthday: भारतीय क्रिकेट का वो 'दादा'... जिन्होंने अंग्रेजों की धरती पर लहराई जर्सी, टीम इंडिया को लड़ना और जीतना सिखाया

Sourav Ganguly Birthday: 8 जुलाई (आज) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली 54 साल के हो गए. गांगुली 'दादा', 'प्रिंस ऑफ कोलकाता', 'बंगाल टाइगर', 'ऑफ साइड के भगवान' के नाम से मशहूर हैं. लॉर्ड्स में ऐतिहासिक डेब्यू से लेकर टीम इंडिया को नई पहचान दिलाने और दिग्गज कप्तान बनने तक का उनका सफर शानदार रहा.

Advertisement
54 साल के हुए दादा.. (Photo: Getty Images) 54 साल के हुए दादा.. (Photo: Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:46 AM IST

Sourav Ganguly Birthday: भारतीय क्रिकेट में जब भी सबसे प्रभावशाली कप्तानों का नाम लिया जाएगा, तो सौरव गांगुली का नाम सबसे पहले आएगा. 8 जुलाई 1972 को कोलकाता में जन्मे गांगुली आज (8 जुलाई) अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. उन्हें सिर्फ एक महान बल्लेबाज नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट में बदलाव लाने वाले कप्तान के रूप में भी याद किया जाता है. 

Advertisement

लॉर्ड्स में ऐतिहासिक शुरुआत
साल 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले गांगुली ने पहली ही पारी में 131 रन बनाकर इतिहास रच दिया.  इसके बाद उन्होंने ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में भी शतक जड़कर साबित कर दिया कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की पहचान बनने वाले हैं.

बदली टीम इंडिया की मानसिकता
साल 2000 में मैच फिक्सिंग विवाद के बाद भारतीय क्रिकेट मुश्किल दौर से गुजर रहा था. ऐसे समय में गांगुली ने कप्तानी संभाली और टीम में नई जान फूंक दी. उन्होंने खिलाड़ियों को सिर्फ मैच खेलना नहीं, बल्कि हर हाल में जीत के लिए लड़ना सिखाया.

यह भी पढ़ें: रोनाल्डो के लिए मोहम्मद सिराज का भावुक पोस्ट वायरल, पुर्तगाल के वर्ल्ड कप से बाहर होने पर छलका दर्द

युवा खिलाड़ियों पर भरोसा
गांगुली ने कई ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया जो आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार बने. एमएस धोनी, युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, जहीर खान और आशीष नेहरा जैसे खिलाड़ियों पर उनका भरोसा भारतीय क्रिकेट के लिए वरदान साबित हुआ.

Advertisement

लॉर्ड्स की बालकनी वाला जश्न
13 जुलाई 2002 को नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में टी-शर्ट लहराने वाला उनका जश्न आज भी भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार पलों में गिना जाता है. इस एक तस्वीर ने दुनिया को दिखा दिया कि नई टीम इंडिया अब किसी से डरने वाली नहीं है.

यह भी पढ़ें: क्रिकेट जगत में शोक की लहर, नहीं रहे अफगान क्रिकेटर शापूर जादरान, 39वें जन्मदिन से ठीक पहले हारी जिंदगी की जंग

विश्व कप में भारत की वापसी
गांगुली की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप 2003 में फाइनल तक का सफर तय किया. हालांकि टीम खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन इस टूर्नामेंट ने भारत को विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में शामिल कर दिया.

रिकॉर्ड्स की भरमार
113 टेस्ट मैच
311 वनडे मैच
18,500+ अंतरराष्ट्रीय रन
38 अंतरराष्ट्रीय शतक
टेस्ट में 7,000 से ज्यादा रन
वनडे में 11,000 से ज्यादा रन
वनडे में भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल

सौरव गांगुली को मिले प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य सम्मान
अर्जुन पुरस्कार (1997) – खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार का प्रतिष्ठित सम्मान.
पद्म श्री (2004)- खेल जगत में उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा दिया गया देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान.
बंग विभूषण (2013)- पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: संजू सैमसन को रेस्ट देने पर भड़के अजिंक्य रहाणे, BCCI के फैसले पर उठाए सवाल, इंस्टाग्राम स्टोरी VIRAL

क्रिकेट के बाद भी नेतृत्व

संन्यास के बाद गांगुली 2019-2022 तक भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष भी रहे. उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट ने कई बड़े फैसले लिए और घरेलू क्रिकेट के विकास पर भी खास ध्यान दिया. आज 54 साल की उम्र में भी सौरव गांगुली करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा हैं. उन्होंने भारतीय टीम को सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि दुनिया की आंखों में आंखें डालकर खेलना सिखाया.

सौरव पर बन रही हे फिल्म
राजकुमार राव सौरव गांगुली की आगामी हिंदी बायोपिक 'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. इस फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं और इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा किया जा रहा है. फिल्म की शूटिंग इस साल अप्रैल में कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम सहित कई स्थानों पर शुरू हुई.

(Report- Vijay Singh)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »