क्रिकेट के मैदान पर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया. बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने अफगानिस्तान अंडर-19 टीम के कप्तान और स्पिन गेंदबाज सोहेल खान पर वनडे मुकाबले में निर्धारित सीमा से ज्यादा ओवर फेंकने का आरोप लगाया है. बांग्लादेशी टीम के मुताबिक सोहेल ने सीरीज के तीसरे मुकाबले में 10 ओवर का कोटा पूरा करने के बाद भी एक अतिरिक्त ओवर गेंदबाजी की.
वो मुकाबला 21 अक्टूबर को ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड ओमान क्रिकेट (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में खेला गया था. आधिकारिक स्कोरर ने उस ओवर को शाह फैसल रहीमी के खाते में दर्ज कर दिया, जबकि बांग्लादेशी टीम का दावा है कि रहीमी ने वास्तव में वो ओवर नहीं फेंका था.
बांग्लादेशी टीम ने इस मामले में मैच रेफरी से शिकायत करते हुए वीडियो भी सौंपा है. बता दें कि वनडे क्रिकेट में एक गेंदबाज अधिकतम 10 ओवर फेंक सकता है. बांग्लादेश के कोच हन्नान सरकार ने क्रिकइंफो को बताया कि उन्होंने इस घटना का उल्लेख कप्तान की रिपोर्ट में किया है.
बांग्लादेशी कोच ने क्या कहा?
हन्नान सरकार ने कहा, 'हमने कप्तान की रिपोर्ट में अंपायरिंग के फैसलों के बारे में लिखा है और 11 ओवर वाले मामले का विशेष रूप से उल्लेख किया है.' उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के निर्धारित फॉर्म में इस तरह की घटना के लिए अलग जगह नहीं थी, इसलिए फैसलों की सूची के बाद अतिरिक्त नोट जोड़ा गया.
हन्नान सरकार के अनुसार टीम के पास आधिकारिक स्कोरर के रिकॉर्ड तक पहुंच नहीं थी. इसलिए खिलाड़ी और अधिकारी टीम मैनेजर के फोन पर क्रिकइंफो का स्कोरकार्ड देखकर गेंदबाजों के ओवरों का हिसाब रख रहे थे. सरकार ने बताया कि टीम के विश्लेषक के रिकॉर्ड के मुताबिक, सोहेल खान अपने 10 ओवर पूरे कर चुके थे. जब बांग्लादेश को अतिरिक्त ओवर का पता चला, तब तक गेंदबाज अगला ओवर शुरू कर चुके थे. ओवर समाप्त होने के बाद टीम ने अंपायरों को अपनी आपत्ति बताई.
हन्नान सरकार ने यह भी दावा किया कि विवादित ओवर से पहले एक अन्य गेंदबाज ने अंपायर को अपनी कैप सौंपी थी. उनके मुताबिक, स्कोरबोर्ड पर ओवर उसी गेंदबाज के नाम दर्ज हुआ, जबकि गेंदबाजी सोहेल खान ने की.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क