'जो मैंने कहा वो नहीं सुना...', श्रेयस अय्यर ने ब्रिस्टल T20 की हार के बाद गेंदबाजों पर साधा निशाना

ब्रिस्टल टी20 में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि 158 रन का स्कोर पर्याप्त नहीं था और गेंदबाज उनकी तय की गई लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर सके. बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव भी भारत पर भारी पड़ा, जबकि फिल सॉल्ट और हैरी ब्रूक ने मैच एकतरफा बना दिया.

Advertisement
बैटिंग भी फेल, बॉलिंग भी बेअसर... कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार की बताई सबसे बड़ी वजह (Photo: Screengrab) बैटिंग भी फेल, बॉलिंग भी बेअसर... कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार की बताई सबसे बड़ी वजह (Photo: Screengrab)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ब्रिस्टल ,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:58 AM IST

ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में भारत की टी20 टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा. इंग्लैंड ने गुरुवार को चौथे टी20 मुकाबले में भारत को 9 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. यह भारत की मौजूदा टी20 वर्ल्ड  चैम्प‍ियन बनने के बाद छह मैचों में पांचवीं हार रही. कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद हार की जिम्मेदारी स्वीकार की, लेकिन साथ ही गेंदबाजों की खराब रणनीति और खराब अमल पर भी खुलकर नाराजगी जताई.

Advertisement

अय्यर ने साफ कहा कि 158 रन का स्कोर किसी भी तरह से आदर्श नहीं था. उनके मुताबिक बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना सके और बाद में गेंदबाज भी तय रणनीति पर अमल करने में नाकाम रहे.

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में अय्यर ने कहा- यह फिर से निराशाजनक प्रदर्शन रहा. 158 रन बिल्कुल भी आदर्श स्कोर नहीं था. बाद में हमने देखा कि इंग्लैंड ने कितनी आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया. जब हम गेंदबाजी करने उतरे तो मैंने गेंदबाजों से सिर्फ इतना कहा था कि लगातार उसी लेंथ पर गेंद डालें. मिडिल और लेग स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी करना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं था, लेकिन हम अपनी प्लान‍िंग को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए. 

टॉप ऑर्डर फिर फ्लॉप, टॉप ऑर्डर में बदलाव पड़ा भारी 
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही. युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दूसरी बार जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट बॉल का शिकार बने. शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से भारत दबाव में आ गया.

Advertisement

48 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद टीम मैनेजमेंट ने शिवम दुबे को प्रमोट किया, लेकिन यह एक्सपेर‍िमेंट सफल नहीं रहा. दुबे ने 23 गेंदों में 22 रन बनाए और अय्यर के साथ 53 रन की साझेदारी जरूर की, लेकिन रन गति तेज नहीं हो सकी.

इसके बाद बल्लेबाजी क्रम में फिर बदलाव देखने को मिला. तिलक वर्मा 14वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए और आठ गेंदों में 11 रन ही बना सके. अक्षर पटेल को नीचे भेजा गया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर भी सिर्फ आठ गेंदों में पांच रन बना पाए. अक्षर अंत में सिर्फ एक रन बनाकर रन आउट हो गए. इन तमाम उतार-चढ़ाव के बीच कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 80 रन की जुझारू पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन तक पहुंच सका.

फिल सॉल्ट और हैरी ब्रूक ने भारत की गेंदबाजी की उड़ा दी धज्जियां
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को शुरुआती झटका तब लगा जब अर्शदीप सिंह ने जोस बटलर को आउट कर दिया. हालांकि इसके बाद फिल सॉल्ट और हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजों पर पूरी तरह हमला बोल दिया.

दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और भारतीय गेंदबाजी को कोई मौका नहीं दिया. वॉशिंगटन सुंदर के एकमात्र ओवर में 19 रन बने, जबकि अक्षर पटेल भी काफी महंगे साबित हुए.

Advertisement

हैरी ब्रूक ने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि फिल सॉल्ट ने 34 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. सॉल्ट भले ही अपनी सबसे आक्रामक लय में नहीं दिखे, लेकिन उन्होंने ब्रूक के साथ मिलकर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया. इंग्लैंड ने 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर टारगेट हासिल करते हुए सिर्फ एक विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया.

सीरीज बचाने नहीं, सम्मान बचाने उतरेगा भारत
इस हार के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. अब दोनों टीमों के बीच पांचवां और अंतिम मुकाबला 11 जुलाई को साउथम्प्टन के रोज बाउल मैदान पर खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की नजर बतौर टी20 कप्तान अपनी पहली जीत दर्ज करने और टीम की लगातार हार का सिलसिला रोकने पर होगी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »