रोहित शर्मा की उम्र भले ही 40 साल के करीब पहुंच रही है, लेकिन मैदान पर उनकी फुर्ती अब भी देखने लायक है. न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में पहले वनडे मुकाबले के दौरान रोहित ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली. उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज डेरिल मिचेल को रन आउट कराने में अहम भूमिका निभाई.
यह माजरा न्यूजीलैंड की पारी के 22वें ओवर की पहली गेंद पर हुई. अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे. ग्लेन फिलिप्स ने गेंद को लेग साइड में हल्के हाथों से खेला. इस दौरान डेरिल मिचेल और फिलिप्स के बीच रन लेने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई.
मिडविकेट पर तैनात रोहित शर्मा ने तेजी से गेंद की तरफ दौड़ लगाई और उसे पकड़कर तुरंत अंडरआर्म थ्रो कर दिया. विकेट के पीछे केएल राहुल ने भी गजब की फुर्ती दिखाई और गेंद पकड़कर स्टंप्स बिखेर दिए. इस तरह भारत को एक अहम विकेट मिल गया. रोहित अगले साल 30 अप्रैल को 40 साल के हो जाएंगे.
डेरिल मिचेल पहली बार हुए रन आउट
डेरिल मिचेल 41 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा. भारत के लिए यह विकेट काफी अहम था, क्योंकि मिचेल का भारतीय टीम के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने भारत के खिलाफ अपनी पिछली 7 पारियों में 4 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ : वाह विराट कोहली! जमीन से उठा लिया नामुमकिन कैच, फिर मैदान में छोड़ा 'धनुष से तीर'
ग्लेन फिलिप्स इंटरनेशनल क्रिकेट में 12वीं बार रन आउट की घटना में शामिल रहे हैं. खास बात यह है कि इन 12 मौकों में से 11 बार उनके साथ बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ी को अपना विकेट गंवाना पड़ा है. वहीं, डेरिल मिचेल अपने वनडे करियर में पहली बार रन आउट हुए हैं.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11: टिम सीफर्ट, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर.
भारत की प्लेइंग 11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क