RCB बनी दुनिया की पहली 300 मिलियन डॉलर वाली क्रिकेट टीम... IPL ने भी बनाया नया बिजनेस रिकॉर्ड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रचते हुए 312 मिलियन डॉलर (करीब ₹2,985 करोड़) की ब्रांड वैल्यू हासिल कर दुनिया की पहली 300 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य वाली क्रिकेट टीम बनने का गौरव प्राप्त किया है. वहीं, Houlihan Lokey की 2026 रिपोर्ट के मुताबिक IPL की बिजनेस वैल्यू बढ़कर 20.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जो इसे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती और सबसे मूल्यवान खेल लीगों में शामिल करती है

Advertisement
2026 आईपीएल की चैम्पियन है RCB... (Photo, PTI) 2026 आईपीएल की चैम्पियन है RCB... (Photo, PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:20 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैदान पर चौकों-छक्कों की वजह से ही नहीं, बल्कि कारोबार की दुनिया में भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. 2026 की ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है. RCB की मौजूदा ब्रांड वैल्यू 312 मिलियन डॉलर (करीब ₹2,985 करोड़) आंकी गई है.

Advertisement

वैश्विक निवेश बैंक Houlihan Lokey की रिपोर्ट के मुताबिक, IPL की बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू भी बढ़कर 20.6 अरब डॉलर हो गई है. यह पिछले साल के मुकाबले 11.4 प्रतिशत अधिक है और लगातार दूसरे साल लीग ने दोहरे अंकों की ग्रोथ दर्ज की है. वहीं IPL की स्टैंड-अलोन ब्रांड वैल्यू 10.3 प्रतिशत बढ़कर 4.3 अरब डॉलर पहुंच गई है. 2023 के बाद से लीग की ब्रांड वैल्यू में 1.1 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है.

RCB नंबर-1, मुंबई और KKR पीछे

RCB ने लगातार दूसरे साल सबसे मूल्यवान IPL फ्रेंचाइजी का स्थान बरकरार रखा. उसकी ब्रांड वैल्यू 2025 के 269 मिलियन डॉलर से बढ़कर 312 मिलियन डॉलर हो गई, यानी एक साल में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी.

सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजियों की सूची में मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर है. इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स 245 मिलियन डॉलर और चेन्नई सुपर किंग्स 244 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं.

Advertisement

फ्रेंचाइजियों में निवेश की होड़

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल हुए बड़े निवेश सौदों ने IPL की व्यावसायिक ताकत को और मजबूत किया है. RCB को 1.78 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर ब्लैकस्टोन, बोल्ट वेंचर्स, आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के कंसोर्टियम ने खरीदा. वहीं, राजस्थान रॉयल्स की वैल्यूएशन 1.65 अरब डॉलर रही. इन सौदों ने IPL फ्रेंचाइजियों को वैश्विक निवेशकों के लिए और आकर्षक बना दिया है.

1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा IPL

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी IPL का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. आधिकारिक प्रसारक JioStar के आंकड़ों के अनुसार, IPL 2026 सीजन 1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा, जबकि कुल व्यूअरशिप में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Connected TV सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्लेटफॉर्म रहा, जहां पहुंच में 26 प्रतिशत का उछाल आया. इसके विपरीत पारंपरिक टीवी रेटिंग में 18.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. डिजिटल व्यूअरशिप, प्रीमियम स्पॉन्सरशिप और महंगे मीडिया राइट्स के दम पर IPL का कुल राजस्व 1.8 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गया.

पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी खेल लीगों में शामिल होगा, लेकिन इतनी तेजी से यह मुकाम हासिल करेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि आज जब वैश्विक निवेशक IPL फ्रेंचाइजियों में निवेश कर रहे हैं, तो यह 2008 में ली गई उनकी सोच और फैसले को सही साबित करता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »