भारतीय क्रिकेटर राहुल चाहर का पत्नी ईशानी से हुआ तलाक, भावुक पोस्ट में बयां किया दर्द

लेग-स्पिनर राहुल चाहर और ईशानी जौहर का तलाक हो गया है. 26 साल के राहुल चाहर ने भारतीय टीम के लिए 1 ओडीआई और 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलकर 10 विकेट चटकाए हैं. राहुल काफी समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं.

Advertisement
राहुल चाहर का ईशानी से हुआ तलाक. (Photo: instagram/@rdchahar1) राहुल चाहर का ईशानी से हुआ तलाक. (Photo: instagram/@rdchahar1)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:00 PM IST

भारतीय टीम के लिए खेल चुके लेग-स्पिनर राहुल चाहर का ईशानी जौहर से तलाक हो गया है. राहुल-ईशानी ने 9 मार्च 2022 को गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी. अब शादी के करीब चार साल बाद दोनों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अलग होने का फैसला किया है. 26 वर्षीय राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी. राहुल ने बताया कि उन्होंने कम उम्र में शादी की, उस समय वे खुद को और अपने जीवन की दिशा को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे.

Advertisement

राहुल चाहर ने अपने नोट में बताया, 'मैंने कम उम्र में शादी की, उससे पहले कि मैं खुद को, अपनी कीमत को या उस जीवन को पूरी तरह समझ पाता जिसे मैं बनाना चाहता था. इसके बाद ऐसे साल आए, जिनकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी. पिछले पंद्रह महीने कोर्टरूम में गुजरे, जहां मैंने धैर्य, मजबूती और सच की ताकत सीखी.' उन्होंने आगे लिखा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह अध्याय अब औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है.

राहुल चाहर लिखते है, 'मैं इस अध्याय को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि स्पष्टता के साथ बंद कर रहा हूं. कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते, वे हमें जगाने, सिखाने और बदलने के लिए होते हैं. मैं अब ज्यादा समझदार और आत्मविश्वासी होकर आगे बढ़ रहा हूं.' राहुल का मानना है कि ये अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है.

Advertisement

2019 में की थी दोनों ने सगाई
राहुल चाहर ने लिखा, 'यह अंत नहीं है, यह एक रिलीज है. एक रीसेट है. एक वादा है कि आगे से जो कुछ भी बनाऊंगा, वो आत्मसम्मान, शांति और बेहतर फैसलों पर आधारित होगा.' राहुल के इस भावुक संदेश के बाद फैन्स और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं. राहुल और ईशानी ने दिसंबर 2019 में सगाई की थी, लेकिन शादी कोरोना के चलते कुछ समय के लिए टल गई थी. 

राहुल चाहर ने भारतीय टीम के लिए अब तक 1 ओडीआई और 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. राहुल ने वनडे इंटरनेशनल में 18 की औसत से 3 विकेट झटके हैं. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम पर 23.85 के एवरेज से 7 विकेट दर्ज हैं. राहुल टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत के लिए आखिरी बार खेले थे.

राहुल चाहर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते नजर आएंगे. सीएसके ने आईपीएल 2026 के लिए हुई खिलाड़ियों की मिनी नीलामी में राहुल को 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. राहुल इससे पहले आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट (RPS), मुंबई इंडियंस (MI), पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए खेल चुके हैं. राहुल ने 79 आईपीएल मैचों में 28.66 की औसत से 75 विकेट झटके हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement