16 विकेट और सीधा Team India कॉल! कौन हैं तेज गेंदबाज प्रिंस यादव?

अजीत अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की एंट्री रही, जिन्होंने आईपीएल 2026 और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. शुभमन गिल वनडे टीम के कप्तान बनाए गए हैं, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टीम में शामिल हैं.

Advertisement
दिल्ली प्रीमियर लीग से Team India तक... प्रिंस यादव. (Photo, PTI) दिल्ली प्रीमियर लीग से Team India तक... प्रिंस यादव. (Photo, PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:09 PM IST

अजीत अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की सीनियर पुरुष चयन समिति ने मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक कर अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया.भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, जबकि तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जून से शुरू होगी. वनडे मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे.

Advertisement

इस टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की हो रही है, जिन्हें पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा.

कैसे चर्चा में प्रिंस यादव?

24 साल के प्रिंस यादव दिल्ली प्रीमियर लीग के जरिए चर्चा में आए थे. वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और अपनी गति में बदलाव करने की कला के लिए पहचाने जाते हैं. खास बात यह है कि वह बिना एक्शन बदले स्लोअर गेंद और पेस वेरिएशन डालने में माहिर हैं, जिससे बल्लेबाज अक्सर धोखा खा जाते हैं.

साल 2024 में उन्होंने ऋषभ पंत की कप्तानी वाली ‘पुरानी दिल्ली 6’ टीम के लिए खेलते हुए 10 मैचों में 13 विकेट चटकाए थे. इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें दिल्ली की व्हाइट-बॉल टीम में मौका मिला. रणजी ट्रॉफी में दो मैच खेलने के बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में अपना टी20 डेब्यू किया. उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने नीतीश राणा और समीर रिजवी जैसे बल्लेबाजों के विकेट लेकर सबको प्रभावित किया.

Advertisement
प्रिंस यादव- LSG के इस तेज गेंदबाज पर चयनकर्ताओं का भरोसा. (Photo, PTI)

उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था. इसके बाद प्रिंस ने घरेलू टी20 सीजन में 11 विकेट लेकर दिल्ली को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. विजय हजारे ट्रॉफी में भी वह दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जहां उन्होंने 6 मैचों में 11 विकेट झटके.

आईपीएल 2026 में चमके प्रिंस

आईपीएल 2026 में प्रिंस यादव ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए लगातार प्रभाव छोड़ा, हालांकि यह टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई. प्रिंस ने इस सीजन के अब तक 12 मैचों में 16 विकेट निकाले. उनकी गेंदबाजी औसत 24.00 और इकॉनमी रेट 8.53 रही. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट पर 32 रन रहा.

यही नहीं, घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते एलएसजी ने उन्हें 2026 सीजन से पहले रिटेन भी किया. अब अफगानिस्तान सीरीज के जरिए प्रिंस यादव के पास भारतीय टीम में खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा.

भारत का वनडे स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement