पाकिस्तान को चैम्पियन और टी20 की नंबर-1 टीम बनाने वाले दिग्गज ने लिया संन्यास, भारत का भी दो बार तोड़ा है सपना

सरफराज अहमद ने लगभग दो दशक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लिया. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 मैच खेले और कुल 6164 रन बनाए. उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी जीती और टी20 क्रिकेट में नंबर-1 टीम बनी.

Advertisement
पाकिस्तान के सरफराज अहमद ने लिया क्रिकेट से संन्यास (Photo: ITG) पाकिस्तान के सरफराज अहमद ने लिया क्रिकेट से संन्यास (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:16 PM IST

पाकिस्तान के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही लगभग दो दशकों तक चला उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया. सरफराज ने अपने करियर में पाकिस्तान को व्हाइट-बॉल क्रिकेट में कई यादगार जीत दिलाईं.

कराची में जन्मे विकेटकीपर-बल्लेबाज़ सरफराज ने नवंबर 2007 में जयपुर में भारत के खिलाफ वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. अपने करियर में उन्होंने 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. इन मैचों में उन्होंने कुल 6164 रन बनाए, जिसमें 6 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं. विकेटकीपर के रूप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा. उन्होंने विकेट के पीछे 315 कैच और 56 स्टंपिंग किए.

Advertisement

100 मैचों में की पाकिस्तान की कप्तानी

सरफराज ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 100 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी की.

* 50 वनडे
* 37 टी20 इंटरनेशनल
* 13 टेस्ट

उनकी कप्तानी में पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बनी और टीम ने लगातार 11 टी20 सीरीज जीतने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया.

2017 चैंपियंस ट्रॉफी जीत सबसे बड़ी उपलब्धि

सरफराज के कप्तानी कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि इंग्लैंड में खेली गई आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी की जीत रही. फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 180 रन से हराकर खिताब जीता था और आठ साल बाद आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की थी.

इस जीत के साथ सरफराज पाकिस्तान के एकमात्र ऐसे कप्तान बने जिन्होंने जूनियर और सीनियर दोनों स्तर पर आईसीसी ट्रॉफी जिताई. इससे पहले उन्होंने 2006 में श्रीलंका में खेले गए आईसीसी अंडर-19 में पाकिस्तान को चैंपियन बनाया था, जहां फाइनल में भारत को हराया गया था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी टीम में सर्जरी की तैयारी! कोच माइक हेसन पर भी लटकी तलवार, पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान

कई बड़े खिलाड़ियों को दिया मौका

सरफराज ने अपनी कप्तानी के दौरान कई खिलाड़ियों को शुरुआती मौका दिया, जो आगे चलकर टीम के स्टार बने. इनमें शामिल हैं:

* बाबर आज़म
* शाहीन शाह अफरीदी
* हसन अली
* इमाम-उल-हक
* फहीम अशरफ
* फखर ज़मान
* शादाब खान


सरफराज की सेवाओं को देखते हुए उन्हें 2018 में पाकिस्तान के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा गया. वह यह सम्मान पाने वाले पाकिस्तान के सबसे युवा कप्तान बने. हालांकि, मोहम्मद रिजवान के उभरने के बाद सरफराज के खेलने के मौके कम होते गए. उन्होंने पाकिस्तान के लिए आखिरी मैच दिसंबर 2023 में पर्थ टेस्ट में खेला था.

बन सकते हैं पाकिस्तान के कोच

अब माना जा रहा है कि हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से बाहर होने के बाद टीम में होने वाले बदलाव के बीच सरफराज पाकिस्तान टीम के कोचिंग स्टाफ में भूमिका निभा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी क्रिकेटर सलमान आगा के रन आउट का बना मजाक... रावलपिंडी ट्रैफिक पुलिस का पोस्ट VIRAL


संन्यास की घोषणा करते हुए सरफराज ने कहा, पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. 2006 में अंडर-19 टीम को विश्व खिताब दिलाने से लेकर 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी उठाने तक पाकिस्तान की जर्सी में बिताया हर पल खास रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement