पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बैटिंग इन दिनों सवालों के घेरे में है. श्रीलंका के खिलाफ पिछले मुकाबले में टीम महज 110 रन पर सिमट गई, लेकिन इसके बावजूद बैटिंग कोच माइक स्मिथ को बाबर आजम और फखर जमां की काबिलियत पर पूरा भरोसा है. उन्होंने साफ कहा है कि दोनों खिलाड़ी जल्द बड़ी पारियां खेलेंगे.
पाकिस्तान को शनिवार को ट्राई सीरीज के फाइनल में एक बार फिर श्रीलंका का सामना करना है. ऐसे में टीम को अपने अनुभवी बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ मिली करारी हार ने टॉप ऑर्डर की कमजोरियों को उजागर कर दिया था.
बाबर बड़ी पारी खेलेंगे, कोच को पूरा भरोसा...
बाबर आजम के अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाने के सवाल पर स्मिथ ने उनका बचाव किया. उन्होंने कहा कि क्रिकेट में क्रीज पर जमना सबसे मुश्किल कामों में से एक है और बाबर कई बार ऐसा आसानी से कर रहे हैं.
स्मिथ के मुताबिक, अगर बाबर अपनी किसी एक अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदल देते, तो कोई उनकी आलोचना नहीं करता. इंटरनेशनल क्रिकेट में हर बार बेहतरीन प्रदर्शन करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्हें बाबर के बड़ी पारी खेलने को लेकर जरा भी शक नहीं है और जब ऐसा होगा, तो उन्हें बल्लेबाजी करते देखना शानदार होगा.
क्या फखर जमां भी कोच की उम्मीदों पर खरे उतर सकते हैं
फखर जमां भी पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे हैं. हालांकि, स्मिथ ने उन्हें वर्ल्ड लेवल खिलाड़ी बताते हुए कहा कि हर बल्लेबाज के करियर में ऐसा दौर आता है, जब वह अपनी उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना पाता. फखर पहले भी अपनी क्लास साबित कर चुके हैं और कोच को भरोसा है कि वह वापसी करेंगे.
स्मिथ ने कहा कि बतौर ओपनर फखर का शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने का रिकॉर्ड अच्छा है. क्रीज पर जमने के बाद वह आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं, मैच पर हावी हो सकते हैं और मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. कोच को उम्मीद है कि फखर फाइनल में ऐसा ही प्रदर्शन करेंगे.
'हम अपनी क्षमता के 70 फीसदी स्तर पर हैं'
स्मिथ ने माना कि पाकिस्तान की पूरी बैटिंग यूनिट अभी अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है. उनके अनुसार, टीम सामूहिक तौर पर अपने अपेक्षित स्तर के करीब 70 फीसदी पर है. हालांकि, उन्होंने इसे चिंता के बजाय सुधार की गुंजाइश के तौर पर देखा.
श्रीलंका के खिलाफ हार पर उन्होंने कहा कि कुछ खराब शॉट और विपक्षी टीम की अच्छी गेंदबाजी के कारण पाकिस्तान मैच में लय नहीं पकड़ सका. एक बार मुकाबले पर पकड़ छूटने के बाद वापसी करना मुश्किल हो गया.
मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन बना राहत
पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर से रन नहीं आने पर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने कई मौकों पर जिम्मेदारी संभाली है. स्मिथ के मुताबिक, मिडिल ऑर्डर का अच्छा प्रदर्शन टीम के लिए पॉजिटिव संकेत है. उन्हें उम्मीद है कि जब टॉप ऑर्डर भी लय में लौटेगा, तो पाकिस्तान की बैटिंग यूनिट और खतरनाक हो जाएगी.
पिच को जिम्मेदार मानने से इनकार
लाहौर की पिचों को लेकर उठ रहे सवालों पर भी स्मिथ ने अपना रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि वह पिच को दोष नहीं दे रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों को परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालना और जरूरत पड़ने पर अपनी रणनीति बदलना आना चाहिए. पाकिस्तान की टीम ऐसा करने में उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रही है.
बैटिंग कोच ने यह भी कहा कि फाइनल से पहले मिली हार का शनिवार के मुकाबले पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उनके मुताबिक, फाइनल में दबाव को बेहतर तरीके से संभालने वाली टीम ही ट्रॉफी उठाएगी. अब पाकिस्तान को उम्मीद होगी कि बाबर आजम और फखर जमां कोच के भरोसे को प्रदर्शन में बदलें और श्रीलंका के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क