वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज फ्रैंकलिन रोज को लगता है कि तेज गेंदबाज ओशाने थॉमस का वजन थोड़ा ज्यादा है और उन्हें अपनी रफ्तार को बरकरार रखने के लिए फिटनेस पर कड़ी मेहनत करने की जरूरत है, जिससे उनका अंतरराष्ट्रीय करियर भी लंबा होगा.
48 साल के रोज ने कहा कि वह थॉमस की फिटनेस के बारे में काफी चिंतित हैं जो अगले महीने से शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इस समय इंग्लैंड में हैं.
रोज ने ‘जमैका ग्लीनर’ से कहा, ‘मैं थोड़ा चिंतित हूं, क्योंकि मुझे उनका वजन थोड़ा ज्यादा लगता है. मैं उनसे मिला नहीं हूं, लेकिन मैं जानता हूं कि उनमें प्रतिभा है, तभी तो वेस्टइंडीज की टीम उन्हें इंग्लैंड दौरे पर ले गई है. लेकिन उन्हें कड़ी मेहनत करने और सफलता के लिए भूखा बनने की जरूरत है.’
23 साल के थॉमस ने अभी टीम के लिए टेस्ट मैच नहीं खेले हैं, लेकिन उन्होंने 20 वनडे में 27 विकेट और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 विकेट चटकाए हैं.
aajtak.in