कोलकाता के मशहूर चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भारी बारिश और भीड़ के बीच हुई दर्दनाक भगदड़ ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस भयानक हादसे में 19 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
इस त्रासदी पर देश भर से संवेदनाएं आ रही हैं, और अब पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इस पर गहरा दुख जताया है. शिखर धवन ने कोलकाता में हुए इस हादसे को लेकर एक पोस्ट शेयर की है.
घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए शिखर धवन ने लिखा कि कोलकाता की भगदड़ में लोगों की जान जाने से बेहद दुखी हूं. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
धवन का यह इमोशनल पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैन्स भी इस दुर्घटना पर लगातार अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं. दुर्गा पूजा के मौके पर होने वाले इस तरह के हादसे ने आयोजकों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सरकार की ओर से मुआवजे का ऐलान
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए बड़े ऐलान किए हैं. सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है.
इसके अलावा हादसे में घायल हुए हर एक व्यक्ति को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने और उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही गई है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क