काव्या मारन ने पाकिस्तानी स्पिनर को खरीदा... लेकिन PCB बिगाड़ सकता है खेल, द हंड्रेड में खेलने पर संकट

पाकिस्तान के लेग-स्पिनर अबरार अहमद को खरीदने के चलते सनराइजर्स फ्रेंचाइजी विवादों में फंस गई है. कई भारतीय फैन्स ने फ्रेंचाइजी की सीईओ काव्या मारन की आलोचना करते हुए कहा कि सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन कर 'राष्ट्रीय भावना' के खिलाफ कदम उठाया है.

Advertisement
अबरार अहमद को खरीदने पर मचा बवाल (Photo: Getty Images) अबरार अहमद को खरीदने पर मचा बवाल (Photo: Getty Images)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:53 PM IST

इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड (The Hundred) में प्लेयर्स की नीलामी में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में अपनी टीम से जोड़ा. सनराइजर्स लीड्स का मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है, ऐसे में इस फैसले को लेकर भारत में बहस छिड़ गई. 12 मार्च (गुरुवार) को लंदन में हुई नीलामी के दौरान सनरइजर्स की सीईओ काव्या मारन भी मौजूद थीं. अब पाकिस्तानी क्रिकेटर को खरीदने के बाद काव्या आलोचकों के निशाने पर हैं.

Advertisement

हालांकि भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कर दिया कि यह मामला बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. अब अबरार अहमद के लिए एक नई मुश्किल सामने आ सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मिलना मुश्किल हो सकता है.

क्या अबरार को पीसीबी देगा एनओसी?
दरअसल, पाकिस्तानी टीम जुलाई-अगस्त में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने वाली है. दो मैचों की यह टेस्ट सीरीज 15 जुलाई से 7 अगस्त तक खेली जाएगी, जबकि द हंड्रेड टूर्नामेंट 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा. ऐसे में पीसीबी टीम की जरूरत को देखते हुए अबरार अहमद को एनओसी देने से मना कर सकता है.

सूत्रों ने TOI से कहा कि बड़ी रकम को देखते हुए अबरार अहमद को NOC मिल भी सकता है. बताया जा रहा है कि उनके एजेंट ने तभी नीलामी में नाम डाला होगा, जब उन्हें पीसीबी से अनुमति मिलने की उम्मीद होगी. एक पीसीबी सूत्र के मुताबिक, 'इसमें काफी पैसा शामिल है. उनके एजेंट ने उनका नाम ऑक्शन में डाला है. इसका मतलब है कि उन्हें एनओसी मिलने का भरोसा होगा. उनके पीसीबी चीफ (मोहसिन नकवी) के साथ भी अच्छे संबंध बताए जाते हैं. ऐसे में उनके खेलने की संभावना 50-50 है.'

Advertisement

सनराइजर्स लीड्स के कोच डेनियल विटोरी ने बताया कि टीम की पहली पसंद इंग्लैंड के स्पिनर आदिल राशिद थे. लेकिन जब वह उपलब्ध नहीं हो पाए, तब टीम ने विदेशी स्पिनर्स के विकल्पों पर ध्यान दिया और आखिरकार अबरार अहमद को टीम में शामिल किया. अब देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी अबरार अहमद को एनओसी देता है या नहीं क्योंकि अगर अनुमति नहीं मिली तो काव्या मारन की टीम के लिए यह बड़ा झटका साबित हो सकता है.

अबरार अहमद ऐसे दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी रहे, जिन पर द हंड्रेड 2026 के ऑक्शन में सफलतापूर्वक बोली लगी. उनसे पहले मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फोनिक्स ने अपनी टीम में शामिल किया था. बर्मिंघम फोनिक्स ने उस्मान तारिक को 1.40 लाख पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement