बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम ने क्रिकेट की दुनिया में बड़ा कदम बढ़ाया है. जॉन अब यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) की फ्रेंचाइजी रॉटरडैम डॉकर्स के सह-मालिक बन गए हैं. उनकी एंट्री के साथ टीम के ओनरशिप ग्रुप में क्रिकेट जगत के दिग्गज जोंटी रोड्स, फाफ डु प्लेसिस, हेनरिक क्लासेन और मैनेजिंग पार्टनर मधुकर श्री भी शामिल हैं.
यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में कुल छह शहरों की फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी. इनमें ग्लासगो, एम्स्टर्डम, एडिनबर्ग, डबलिन, बेलफास्ट और रॉटरडैम की टीमें शामिल हैं. पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 32 मुकाबले खेले जाएंगे.
लीग का मकसद आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और खेल के डेवलपमेंट को स्पीड देना है. आयोजकों का मानना है कि यह लीग यूरोप में क्रिकेट के विस्तार के लिए अहम भूमिका निभाएगी.
सह-मालिक बनने के बाद जॉन अब्राहम ने कहा कि क्रिकेट लोगों को जोड़ने, प्रेरित करने और नए अवसर पैदा करने की ताकत रखता है. उनके मुताबिक, यूरोप इस समय क्रिकेट के लिए सबसे तेजी से उभरते बाजारों में से एक है और रॉटरडैम डॉकर्स के पास मजबूत विजन, नेतृत्व और बड़ी महत्वाकांक्षा है, जिससे यह फ्रेंचाइजी खास पहचान बना सकती है.
ETPL के सह-संस्थापक अभिषेक बच्चन ने जॉन अब्राहम का स्वागत करते हुए कहा कि खेलों के प्रति उनका जुनून और स्पोर्ट्स बिजनेस में उनका अनुभव रॉटरडैम डॉकर्स के लिए बड़ा फायदा साबित होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि जॉन की मौजूदगी टीम और लीग दोनों को नई पहचान दिलाने में मदद करेगी.
यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग के अलग-अलग फ्रेंचाइजी समूहों में कई दिग्गज क्रिकेटरों की भी भागीदारी है. इनमें स्टीव वॉ, राहुल द्रविड़, जोंटी रोड्स, मैथ्यू हेडन, फाफ डु प्लेसिस और हेनरिक क्लासेन जैसे बड़े नाम शामिल हैं. ऐसे में लीग का पहला सीजन शुरू होने से पहले ही इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क