अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार (17 जून) को दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने तूफानी शतक जड़कर चार साल का इंतजार खत्म किया. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईशान ने सिर्फ 79 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी खेली. मैच के बाद उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ हुई एक मजेदार बातचीत का खुलासा किया और बताया कि कैसे एक ओवर में छह छक्के लगाने की कोशिश ने उनकी संभावित डबल सेंचुरी की राह रोक दी.
बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो में ईशान ने हंसते हुए गिल से कहा- भाई, छह छक्के लगवाने के चक्कर में तुमने मेरे 70-75 रन कम करवा दिए. इस पर दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्का-फुल्का मजाक भी देखने को मिला.
दरअसल, ईशान जब 113 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब उनके पास एक और दोहरा शतक लगाने की संभावना बनती दिख रही थी. 37वें ओवर में अफगानिस्तान के स्पिनर नागेयालिया खारोटे गेंदबाजी के लिए आए. ओवर की पहली गेंद वाइड रही. दूसरी गेंद पर ईशान ने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का जड़ा. अगली गेंद पर उन्होंने एक हाथ से डीप मिडविकेट के ऊपर एक और सिक्स लगाया.
इसके बाद तीसरी गेंद थोड़ी नीची रही और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में ईशान टाइमिंग नहीं कर पाए. गेंद सीधे डीप मिडविकेट पर खड़े सब्स्टीट्यूट फील्डर इकराम अलीखिल के हाथों में चली गई और उनकी शानदार पारी का अंत हो गया.
52 गेंदों में अर्धशतक, 71 गेंदों में शतक
ईशान की इस पारी की सबसे खास बात उनकी रफ्तार रही. उन्होंने अपना अर्धशतक 52 गेंदों में पूरा किया, लेकिन अगले 50 रन बनाने में सिर्फ 19 गेंदें लीं. यानी 71 गेंदों में शतक पूरा कर लिया. बिलाल सामी के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर उन्होंने तीन अंकों का आंकड़ा छुआ.
यह भी पढ़ें: IND vs AFG: शुभमन गिल- ईशान किशन का तूफान, 400+ रन जड़कर टीम इंडिया ने लखनऊ में रचा इतिहास, बना ये महारिकॉर्ड
दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल भी शानदार लय में नजर आए. उन्होंने 77 गेंदों में अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया, जो किसी भारतीय कप्तान द्वारा चौथा सबसे तेज वनडे शतक है. गिल ने 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे.
द्रविड़-तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके
ईशान और गिल ने ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की विशाल पार्टनरशिप की. यह भारत के लिए वनडे क्रिकेट में तीसरे विकेट की चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है. हालांकि दोनों दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ का 27 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.
सचिन और द्रविड़ ने 1999 वर्ल्ड कप में केन्या के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 237 रन जोड़े थे. ईशान और गिल की जोड़ी उस आंकड़े से सिर्फ 13 रन पीछे रह गई.
यह भी पढ़ें: IND vs AFG, 2nd ODI Highlights: लखनऊ वनडे में टीम इंडिया की अफगानिस्तान पर बड़ी जीत, सीरीज भी कब्जाई, शुभमन गिल-ईशान किशन बने जीत के स्टार
वनडे क्रिकेट में तीसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो और दिनेश रामदीन के नाम है. दोनों ने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ 258 रन जोड़े थे.
भारतीय टीम ने इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 402 रन बनाए और फिर अफगानिस्तान को 232 रन पर समेटकर 170 रन से मुकाबला जीत लिया.
सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद ईशान किशन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड रवाना होंगे, जबकि शुभमन गिल बाद में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम से जुड़ेंगे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क