'हंसना मना है' पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेट-नाइट कॉमेडी टॉक शो है, जिसे पॉपुलर कॉमेडियन और एंकर ताबिश हाशमी होस्ट करते हैं. यह शो पाकिस्तान में जियो न्यूज और जियो एंटरटेनमेंट पर आता है, जिसमें सेलिब्रिटी इंटरव्यू, ऑडियंस से बातचीत और तीखा सटायर का मिक्स होता है.
वहीं इस शो में हाल में पाकिस्तानी मूल के जिम्बाब्वे के क्रिकेटर सिकंदर रजा पहुंचे. जहां उनसे कई सवाल पूछे गए. इस दौरान उनसे विराट कोहली और बाबर आजम पर सवाल पूछा गया. वहीं आईपीएल या पाकिस्तान सुपर लीग की तुलना पर भी सवाल दागा गया. इसके बाद जो जवाब सिकंदर रजा ने दिया, वह सुनने लायक था. दरअसल ताबिश इस शो में उनसे रैपिड फायर मोड में सवाल पूछ रहे थे.
वर्ल्ड कप का आखिरी ओवर बल्लेबाज बनकर खेलना चाहेंगे
ताबिश ने सिकंदर से पूछा कि वर्ल्ड कप का आखिरी ओवर बल्लेबाज के रूप में खेलना पसंद करेंगे या गेंदबाज के तौर पर डालना. इस पर सिकंदर ने बिना देर किए बल्लेबाजी को चुना. जब उनसे पूछा गया कि अगर आखिरी ओवर में सामना करना हो तो वे हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी में से किसे चुनेंगे, तो उन्होंने हारिस रऊफ का नाम लिया.
40 घंटे के सफर में किसे चुनेंगे?
एक अन्य सवाल में ताबिश ने पूछा कि 40 घंटे की लंबी यात्रा में उसामा मीर और अब्दुल्ला शफीक में से किसके साथ बैठना चाहेंगे. सिकंदर ने अब्दुल्ला शफीक को चुना.
बाबर आजम या विराट कोहली पर क्या बोले सिकंदर रजा?
कार्यक्रम का सबसे चर्चित सवाल तब आया जब सिकंदर से पूछा गया कि वे बल्लेबाजी के लिए बाबर आजम या विराट कोहली में से किसे चुनेंगे. इस पर उन्होंने विराट कोहली का नाम लिया.
निजी उपलब्धि नहीं, टीम की जीत जरूरी
ताबिश ने आगे पूछा कि ODI में दोहरा शतक बनाकर मैच हारना पसंद करेंगे या सिर्फ पांच रन बनाकर टीम को जीत दिलाना. सिकंदर ने स्पष्ट कहा कि वह पांच रन बनाकर मैच जीतना पसंद करेंगे.
इसके बाद सवाल आया कि वर्ल्ड कप फाइनल में 99 रन पर आउट होना पसंद करेंगे या बच्चे की तरह कैच छोड़ना. इस पर सिकंदर ने 99 रन पर आउट होना पसंद करेंगे. सिकंदर ने टीम की सफलता को व्यक्तिगत उपलब्धि से ऊपर रखा और ट्रॉफी जीतने को ज्यादा अहम बताया.
IPL और PSL तुलना पर क्या बोले सिकंदर रजा?
बातचीत के दौरान IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) और PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई. ताबिश ने पूछा कि क्या दोनों के बीच कोई तुलना की जा सकती है. दरअसल, सिकंदर दोनों ही लीग खेल चुके है.
इस पर सिकंदर ने साफ कहा कि दोनों की सीधी तुलना नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि आज भले ही IPL में 250-250 रन बनने पर हमें बुरा लग रहा है, लेकिन वो लोग (भारत) समय से बहुत आगे हैं. यह क्रिकेट के भविष्य की झलक है. उनके मुताबिक IPL समय से आगे चल रहा है और इंटरनेशनल क्रिकेट भी धीरे-धीरे उसी दिशा में बढ़ेगा.
सिकंदर ने कहा कि आने वाले वर्षों में 200, 210 और 220 रन के स्कोर सामान्य होते जाएंगे. उनके अनुसार IPL ने क्रिकेट को बाकी देशों से आगे ले जाने का काम किया है और इसी वजह से खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंटों के लिए बेहतर तैयारी मिलती है. वो (भारत) वर्ल्ड कप जीतने की तैयारी करता है.
बातचीत के अंत में सिकंदर ने कहा कि उन्होंने आईपीएल और पीएसएसल की तुलना पर बेहद ही ईमानदारीपूर्वक जवाब दिया है. इस बात पर पाकिस्तानी एंकर ने भी सहमति जताई.
सिकंदर रजा का PSL में कैसा रहा है रिकॉर्ड
सिकंदर रजा ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खुद को एक भरोसेमंद मैच विनर के रूप में स्थापित किया है. 2019 से 2026 के बीच खेले 44 मैचों की 42 पारियों में उन्होंने 753 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 71 रन रहा है, जबकि औसत 25.96 और स्ट्राइक रेट 151.50 का है, जो टी20 क्रिकेट में उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को दर्शाता है. रजा ने इस दौरान 3 अर्धशतक लगाए, 66 चौके और 38 छक्के जड़े. खास बात यह है कि वह सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी और फील्डिंग से भी टीम के लिए लगातार योगदान देते रहे हैं. जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा हाल में लाहौर कलंदर्स का हिस्सा रहे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क