इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की समाप्ति के बाद एक बड़ी खबर सामने आई है. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच हाई प्रोफाइल ट्रेड डील हुई है. इसके तहत विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो गई है, जबकि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में नजर आएंगे. यह सिर्फ दो खिलाड़ियों का ट्रेड नहीं, बल्कि दो फ्रेंचाइजी टीम्स की रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत है.
ऋषभ पंत की दिल्ली वापसी को 'घर वापसी' कहना गलत नहीं होगा, 2016 से 2024 तक उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले और फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने. इसी दौरान वह टीम के कप्तान भी रहे और दिल्ली को कई यादगार जीत दिलाईं.
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत पर 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई थी, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी. हालांकि अब ट्रेड के जरिए वह 15 करोड़ रुपये की फीस पर फिर से दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं.
दूसरी ओर, कुलदीप यादव का दिल्ली के साथ शानदार अध्याय समाप्त हो गया है. 2022 में फ्रेंचाइजी से जुड़ने के बाद उन्होंने पांच सीजन में 65 मैच खेलकर 72 विकेट चटकाए और टीम के सबसे भरोसेमंद मैच विनर गेंदबाजों में खुद को स्थापित किया. चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप 13.50 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हैं. लखनऊ को उम्मीद होगी कि कुलदीप की मौजूदगी उनकी गेंदबाजी यूनिट को नया आयाम देगी और टीम को पहली बार खिताब तक पहुंचाने में मदद करेगी.
दिल्ली के लिए यह ट्रेड बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों मोर्चों पर बड़ा फायदा माना जा रहा है. वहीं लखनऊ ने एक अनुभवी स्पिनर को लेकर बॉलिंग यूनिट को मजबूत किया है. आईपीएल इतिहास में कई बड़े ट्रेड हुए हैं, लेकिन ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की अदला-बदली को हाल के वर्षों का सबसे चर्चित और प्रभावशाली सौदा माना जा रहा है. अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि अपनी नई-पुरानी टीमों में ये दोनों खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क