IPL 2026: MI के साथ रोहित शर्मा के 15 साल पूरे, हार्दिक पंड्या का रिएक्शन VIRAL

रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के साथ 15 साल पूरे कर लिए हैं और इस दौरान उन्होंने 230 मैचों में 5994 रन बनाए हैं. उनकी कप्तानी में MI ने 5 आईपीएल खिताब जीते हैं. हार्दिक पंड्या ने उन्हें खास संदेश देकर सम्मानित किया. आईपीएल 2026 में भी रोहित अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं.

Advertisement
हार्दिक पंड्या ने खास अंदाज में दी रोहित शर्मा को बधाई (Photo: ITG) हार्दिक पंड्या ने खास अंदाज में दी रोहित शर्मा को बधाई (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:25 PM IST

5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश में है. इसी बीच टीम ने अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा के साथ 15 साल पूरे होने का जश्न मनाया. रोहित ने 10 अप्रैल 2011 को MI के लिए डेब्यू किया था और अब उन्होंने इस फ्रेंचाइज़ी के साथ 15 साल पूरे कर लिए हैं. वह आज भी नीले और सुनहरे रंग की जर्सी में टीम का अहम हिस्सा हैं और अपने शानदार करियर के लिए उन्हें खूब सराहना मिल रही है.

Advertisement

इसी दौरान मौजूदा MI कप्तान और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी रोहित को खास अंदाज में बधाई दी. MI के सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में हार्दिक ने कहा, “भाई, 15 साल पूरे करने की बहुत-बहुत बधाई. आपने इस फ्रेंचाइज़ी को जिस तरह इतने लंबे समय तक लीड किया है, उसके लिए धन्यवाद. मैंने भी आपके अंडर डेब्यू किया था, और बूम (जसप्रीत बुमराह) सहित कई और खिलाड़ियों ने भी.”

उन्होंने आगे कहा, आपने कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया, जो आगे चलकर इस फ्रेंचाइज़ी और भारत के लिए खेले. आप एक शानदार लीडर ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी रहे हैं—हमेशा दोस्ताना, खुले दिल के और आगे बढ़कर नेतृत्व करने वाले. आपको बहुत-बहुत बधाई और इन सालों में जो आपने किया उसके लिए धन्यवाद.

रोहित शर्मा का MI में 15 साल का सफर जारी

Advertisement

38 साल के रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के उन दो कप्तानों में शामिल हैं जिन्होंने अपनी टीम को पांच बार खिताब जिताया है. उन्होंने 2008 में डेक्कन चार्जर्स के साथ अपना आईपीएल करियर शुरू किया था. इसके बाद 2011 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया, जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेलना शुरू किया.

अब तक रोहित MI के लिए 230 मैच खेल चुके हैं और 5994 रन बना चुके हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं.

लेकिन उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि कप्तानी में रही है, जहां उन्होंने MI को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच बार चैंपियन बनाया. इसके अलावा वह 2011 और 2013 में MI की चैंपियंस लीग जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे.

अगर रोहित इस सीजन भी MI को खिताब दिलाने में सफल होते हैं, तो वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ी बन जाएंगे.

आईपीएल 2026 में अब तक रोहित ने तीन पारियों में 118 रन बनाए हैं, उनका औसत 39.33 है और स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा (168.57) है. साथ ही उनके नाम एक अर्धशतक भी दर्ज है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement