धोनी-जाधव का कमाल, कंगारुओं के खिलाफ भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक

India vs Australia: भारत के लिए केदार जाधव ने नाबाद 81 रन बनाए. महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली. इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी कर न सिर्फ भारत को मुश्किल से निकाला बल्कि जीत भी दिलाई.

Advertisement
India vs Australia India vs Australia

तरुण वर्मा

  • हैदराबाद,
  • 02 मार्च 2019,
  • अपडेटेड 10:19 PM IST

हैदराबाद में खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. इसी के साथ ही वनडे मैचों में विराट की सेना ने ऑस्ट्रेलिया को लगातार तीसरी शिकस्त देकर जीत की हैट्रिक लगा दी है. इससे पहले टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को जनवरी 2019 में एडिलेड ओवल में 6 विकेट से मात दी थी. उसके बाद मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 7 विकेट से शिकस्त दी थी. भारत के लिए केदार जाधव ने नाबाद 81 रन बनाए. महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली. इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी कर न सिर्फ भारत को मुश्किल से निकाला बल्कि जीत भी दिलाई.

Advertisement

‘सुपर फिनिशर’ महेंद्र सिंह धोनी और ‘भरोसेमंद’ केदार जाधव ने अपने गेंदबाजों की मेहनत का पूरा सम्मान रखते हुए ऑस्ट्रेलिया पर जीत दिलाई. भारत के सामने बड़ा लक्ष्य नहीं था.  लेकिन, कप्तान विराट कोहली (44) सहित शीर्ष क्रम के चार विकेट 99 रन पर गिरने के कारण वह बैकफुट पर था. धोनी और जाधव ने ऐसे समय में परिस्थिति के अनुरूप बल्लेबाजी करके पांचवें विकेट के लिए 141 रन की अटूट साझेदारी की. इससे भारत चार विकेट पर 240 रन बनाकर जीत दर्ज करने और पांच मैचों की सीरीज में शुरुआती बढ़त बनाने में सफल रहा. पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी और ऐसी परिस्थिति में अगर भारतीयों ने अच्छी गेंदबाजी की तो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने भी प्रभाव छोड़ा. केदार जाधव को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया.

टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की हैट्रिक

Advertisement

1. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - 15 जनवरी 2019 - एडिलेड - भारत 6 विकेट से जीता

2. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - 18 जनवरी 2019 - मेलबर्न - भारत 7 विकेट से जीता

3. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - 2 मार्च 2019 - हैदराबाद - भारत 6 विकेट से जीता

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 236 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 237 रनों का टारगेट दिया. जवाब में भारत ने 48.2 ओवर में 4 विकेट गंवा कर 240 रन बना लिए और यह मैच अपने नाम कर लिया. महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथा अर्धशतक लगाया है. जबकि लगातार तीन बार वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों में नाबाद रहे हैं.

धोनी का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथा अर्धशतक

1. 51 रन विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया - 12 जनवरी 2019 - सिडनी

2. नाबाद 55 रन विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया - 15 जनवरी 2019 - एडिलेड

2. नाबाद 87 रन विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया - 18 जनवरी 2019 - मेलबर्न

3. नाबाद 55 रन विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया - 2 मार्च 2019 - हैदराबाद

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने हैदराबाद की धीमी पिच पर ऑस्ट्रेलिया को 236 रनों पर ही रोक दिया. आखिरी के पांच ओवरों में ऑस्ट्रेलियाई टीम 40 रन ही जोड़ पाई. मेजबान टीम के लिए उस्मान ख्वाजा ने 76 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली. ग्लेन मैक्सवेल ने 51 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 40 रन बनाए. मार्कस स्टोइनिस ने 37 रन का योगदान दिया. टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए. वहीं केदार जाधव ने एक विकेट लिया.

Advertisement

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच की खराब फॉर्म जारी रही. वह दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी के हाथों लपके गए. ख्वाजा और मार्कस स्टोइनिस ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 112 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी की. यह साझेदारी अच्छी जा रही लेकिन स्टोइनिस केदार जाधव की एक खराब गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर खड़े विराट कोहली को कैच दे बैठे. ख्वाजा ने 23वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर अपना छठा अर्धशतक पूरा किया.

ख्वाजा से मेहमान टीम को अब बड़ी पारी की उम्मीद थी. लेकिन, अगले ओवर में वह कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विजय शंकर द्वारा लपके गए. टी-20 सीरीज के स्टार रहे ग्लेन मैक्सवेल और पीटर हैंड्सकॉम्ब (19) ने ऑस्ट्रेलिया को संभालने की कोशिश की. मैक्सवेल अपने खेल से थोड़ा विपरीत धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे और स्ट्राइक रोटेट करने में लगे थे. इसी बीच कुलदीप ने हैंड्सकॉम्ब को धोनी के हाथों स्टम्प करा भारत को चौथी सफलता दिलाई.

एश्टन टर्नर 23 गेंदों पर 21 रन बनाकर शमी की ऑफ कटर में फंस गए. उनका विकेट 169 रनों पर गिरा. चार रनों बाद ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा. शमी ने मैक्सवेल को भी पवेलियन भेज दिया था. मैक्सवेल के बाद नाथन कुल्टर नाइल (28) और एलेक्स कैरी ने ऑस्ट्रेलिया को जल्दी झटका तो नहीं लगने दिया. लेकिन, यह दोनों रनगति में जरूरी तेजी नहीं दे पाए. कुल्टर नाइल आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर बुमराह का शिकार बने. कैरी 37 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद लौटे.

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दी पहले गेंदबाजी

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और टीम इंडिया को गेंदबाजी दी. भारत ने दो स्पिन गेंदबाजों को खिलाने का फैसला किया. रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव स्पिन की जिम्मेदारी संभाली. ऑस्ट्रेलिया ने एश्टन टर्नर को वनडे पदार्पण का मौका दिया. यह ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच के करियर का 100वां वनडे मैच था.

प्लेइंग इलेवन:

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबति रायडू, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह.

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, मार्कस स्टोइनिस, पीटर हैंड्सकॉम्ब, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन टर्नर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन कुल्टर नाइल, पैट कमिंस, एडम जाम्पा, जेसन बेहरेनडॉर्फ.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »