IND vs ZIM: T20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम में बड़ा फेरबदल, इस सलामी बल्लेबाज की एंट्री, मिल्टन शुम्बा बाहर

भारत संग टी20 सीरीज के बीच जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा. मिल्टन शुम्बा चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए. हाल ही में टी20 टीम में वापसी करने वाले शुम्बा से मेजबान टीम को काफी उम्मीदें थीं. अब उनकी जगह सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया को टीम में शामिल किया गया है.

Advertisement
जिम्बावे अपने घर पर भारत के खिलाफ 3 टी20I मैच खेल रहा है. (Photo: AFP/Getty Images) जिम्बावे अपने घर पर भारत के खिलाफ 3 टी20I मैच खेल रहा है. (Photo: AFP/Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • हरारे,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:35 PM IST

भारत और जिम्बाब्वे के बीच गुरुवार (23 जुलाई) से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. टी20 सीरीज की शुरुआत से पहले मेजबान जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा है. मध्यक्रम के बल्लेबाज मिल्टन शुम्बा दाईं हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं.

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बताया कि मंगलवार को कराए गए स्कैन में उनकी चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद मेडिकल टीम ने मिल्टन शुम्बा को सीरीज से बाहर रखने का फैसला लिया. शुम्बा अब इस सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाएंगे. शुम्बा की जगह सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया को टीम में शामिल किया गया है. काइया का भी टी20 टीम में लंबे समय बाद चयन हुआ है.

Advertisement

इनोसेंट काइया ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2024 में खेला था और दिलचस्प बात यह है कि वह मुकाबला भी हरारे में भारत के खिलाफ ही था. करीब एक साल बाद वह फिर से उसी मैदान पर टीम इंडिया के खिलाफ मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं.

25 वर्षीय मिल्टन शुम्बा के लिए यह चोट इसलिए भी बड़ा झटका है क्योंकि उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के जरिए लगभग तीन साल बाद टीम में वापसी की थी. वह 2022 के बाद पहली बार जिम्बाब्वे की टी20 टीम में लौटे थे और बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए तीनों मुकाबलों में टीम का हिस्सा रहे. उम्मीद थी कि भारत के खिलाफ भी वह मध्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे, लेकिन चोट ने उनके अभियान पर विराम लगा दिया.

Advertisement

भारत के खिलाफ सीरीज पहले से ही जिम्बाब्वे के लिए आसान नहीं मानी जा रही थी. ऐसे में अनुभवी बल्लेबाज शुम्बा का बाहर होना टीम के बल्लेबाजी क्रम को कमजोर कर सकता है. टीम मैनेजमेंट को अब इनोसेंट काइया से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.

भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को निर्धारित है. फिर दूसरा और तीसरा टी20 क्रमशः 26 और 27 जुलाई को होगा. तीनों मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित किए जाएंगे. सीरीज शुरू होने से पहले जिम्बाब्वे के लिए यह बड़ा झटका है, जबकि भारतीय टीम इसे शुरुआती बढ़त के रूप में देखेगी.

जिम्बाब्वे का अपडेटेड स्क्वॉड: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, इनोसेंट काइया और तफदजवा त्सिगा (विकेटकीपर)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »