भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार (26 जुलाई) को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है. ऐसे में तीसरा मुकाबला औपचारिकता भर रह गया है, लेकिन भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला भविष्य की तैयारियों और बेंच स्ट्रेंथ को परखने का बेहतरीन मौका देगा.
सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम इस मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव कर सकती है. कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है, जबकि मौके का इंतजार कर रहे युवा खिलाड़ियों को डेब्यू या इस सीरीज में पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है. कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी इस बात के संकेत दिए कि आखिरी मुकाबले में उन खिलाड़ियों को आजमाया जाएगा, जिन्हें मौके नहीं मिले हैं.
प्रभसिमसरन का इंतजार होगा खत्म
पंजाब के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह अब तक इस दौरे पर बेंच पर बैठे हैं. उन्हें आखिरकार भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिल सकता है. इसके लिए टीम मैनेजमेंट अभिषेक शर्मा को आराम दे सकता है. अभिषेक इस सीरीज में बतौर बल्लेबाज अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बनेंगे ऑलराउंडर, BCCI ने तैयार किया खास प्लान, बॉलिंग कोच का बड़ा खुलासा
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे टी20I में सिर्फ 9 गेंदों पर 20 रन बनाकर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी की झलक दिखाई थी. भले ही उनकी पारी लंबी नहीं चली, लेकिन उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए. टीम मैनेजमेंट उन्हें तीसरे मैच में भी मौका देकर लंबी पारी खेलने का अवसर देना चाहेगा. भारत की नजर भविष्य की टीम तैयार करने पर है और वैभव उस योजना का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं.
हर्ष दुबे का भी होगा डेब्यू!
स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे भी तीसरे टी20I में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के लिए ओडीआई डेब्यू कर चुके हर्ष को अब टी20I कैप मिलने की संभावना है. उन्हें रवि बिश्नोई की जगह आजमाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: 'वैभव की नानी के घर से आए हैं...', फैन की बात सुन मुस्कुराए बेबी बॉस, VIDEO
ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की दौड़ में हैं. उन्हें शिवम दुबे की जगह उतारा जा सकता है. शेडगे बल्लेबाजी के साथ मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं, जिससे भारत को अतिरिक्त संतुलन मिलेगा. सीरीज पहले ही जीत लेने के बाद टीम मैनेजमेंट उन्हें भी परखना चाहेगा.
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को दूसरे टी20I के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा. ऐसे में उनका तीसरे मुकाबले से बाहर रहना तय है. उनकी जगह तेज गेंदबाज अशोक शर्मा की प्लेइंग-11 में एंट्री होगी.
भारत की संभावित प्लेइंग-11: प्रभसिमरन सिंह, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, सूर्याश शेडगे, हर्ष दुबे, अशोक शर्मा, यश ठाकुर और मयंक यादव.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क