श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने अपना शिकंजा कस लिया है. भारतीय बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजों पर पूरी तरह से हावी नजर आए. लेकिन इस बीच एक ऐसी घटना हो गई जिसने फैन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
दरअसल, अपने शतक की ओर से तेजी से बढ़ रहे केएल राहुल को 77 रन के निजी स्कोर पर मैदान छोड़कर बाहर (रिटायर्ड हर्ट) जाना पड़ा है. राहुल और देवदत्त पडिक्कल की जोड़ी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की खूब खबर ली. लेकिन थकान और ऐंठन यानी क्रैम्प्स की वजह से राहुल अपनी इस पारी को शतक में तब्दील नहीं कर सके.
श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी डिसिल्वा ने उनका हाथ स्ट्रेच करके मदद करने की कोशिश की तो राहुल दर्द से पूरी तरह तिलमिला उठे. भारतीय फैन्स अब यही दुआ कर रहे हैं कि उनकी यह चोट ज्यादा गंभीर न हो और वे दोबारा क्रीज पर लौटकर अपना एक और शानदार शतक पूरा करें.
केएल राहुल ने बल्ले से दिखाया दम
बारिश के खलल के बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो राहुल और पडिक्कल ने बेहद संयम और समझदारी से पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और श्रीलंकाई गेंदबाजों को दबाव बनाने का कोई मौका नहीं दिया. राहुल ने 162 गेंदों में 77 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान गेंदबाजों का डटकर सामना किया, लेकिन आखिरकार उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.
पडिक्कल ने जड़ा शतक
दूसरी छोर पर खड़े पडिक्कल ज्यादा आक्रामक नजर आए. उन्होंने 122 गेंदों में 84 रन बना लिए थे. लेकिन केएल राहुल के बाहर जाने के बाद भी पडिक्कल ने रन बनाने का सिलसिला जारी रखा. एक आसान सा सिंगल लेकर पडिक्कल ने 134 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया.
यशस्वी जायसवाल हुए रन आउट
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने तेज शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े. हालांकि, यशस्वी जिस लय में दिख रहे थे, लेकिन फिर गेंदबाज से टकराने के बाद क्रीज पर गलतफहमी हुई और दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए. राहुल पहले क्रीज में पहुंच गए और जायसवाल को पवेलियन लौटना पड़ा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क