वेलिंगटन के मैदान पर भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से गजब की तबाही मचाई. अभिषेक की खौफनाक बैटिंग देख सरहद पार पाकिस्तान में भी हलचल तेज हो गई.
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर और क्रिकेटर कामरान अकमल ने अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और प्रदर्शन की जमकर तारीफ की. कामरान अकमल ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि मैंने मैदान पर इस तरह की तबाही पहले कभी नहीं देखी है.
कामरान अकमल ने अभिषेक शर्मा की तूफानी बैटिंग पर खुलकर चर्चा की. उनका मानना है कि आधुनिक टी20 क्रिकेट में जिस तरह से भारतीय युवा बल्लेबाज पहली गेंद से गेंदबाजों पर टूट पड़ रहे हैं. वैसा खौफनाक टैलेंट फिलहाल पाकिस्तान में दूर-दूर तक नजर नहीं आता.
उन्होंने माना कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) जिस तरह से राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और एनसीए (NCA) के जरिए नए टैलेंट को तराशकर सीधे इंटरनेशनल लेवल पर मौका दे रहा है, उसका कोई मुकाबला नहीं है.
पाकिस्तानी दिग्गजों ने इस दौरान भारत के युवा खिलाड़ियों की प्लानिंग की मिसाल दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में खिलाड़ियों को बार-बार अंडर-19 या छोटी लीगों में उलझाकर रखा जाता है, जबकि भारत में अभिषेक शर्मा जैसे लड़के आते ही इंटरनेशनल मंच पर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाना शुरू कर देते हैं.
'हमारे यहां होता तो कब का ड्रॉप कर देते!'
कामरान अकमल ने यह भी माना कि अगर अभिषेक शर्मा जैसी निडर और आक्रामक बल्लेबाजी पाकिस्तान का कोई युवा बल्लेबाज करता तो शायद उसे उस तरह का खुलकर खेलने का माहौल और सपोर्ट नहीं मिलता जो भारत में मिल रहा है. अभिषेक ने जिस तरह महज 35 गेंदों में शतक ठोककर दुनिया के गेंदबाजों में खौफ पैदा किया है. इस तरह के प्रदर्शन को बरकरार रखना बेहद मुश्किल भरा काम है.
बासित अली और अहमद शहजाद ने क्या कहा?
इसके अलावा पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि अभिषेक ने अपनी खूंखार बैटिंग से न्यूजीलैंड को पूरी तरह तबाह कर दिया. पहली ही गेंद से कीवी गेंदबाजों की ऐसी धुलाई की जैसे कोई धोबी कपड़े धोता है.
इस बल्लेबाजी के आगे न्यूजीलैंड के कप्तान भी पूरी तरह बेबस नजर आए. वहीं, पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी बासिल अली ने भी भारतीय टीम के आक्रामक खेल और उनके शानदार क्रिकेट सिस्टम की जमकर तारीफ की है.
NZ के खिलाफ सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बने
कीवी टीम की तरफ से मिले 199 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को अभिषेक ने मामूली साबित कर दिया. अभिषेक ने महज 35 गेंदों में अपना तूफानी शतक ठोक डाला. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी भारतीय द्वारा न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया गया सबसे तेज शतक बन गया है.
अपनी इस धमाकेदार पारी के दौरान अभिषेक ने कीवी गेंदबाजी आक्रमण की पूरी तरह धज्जियां उड़ा दीं. अंततः आउट होने से पहले उन्होंने महज 38 गेंदों पर 9 चौकों और 11 गगनचुंबी छक्कों की मदद से कुल 113 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क