क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे रोमांचक टी20 मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. इस जीत के बाद भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर कुछ जरूरी बातों का जिक्र किया है.
मोहम्मद कैफ ने युवा तिलक वर्मा और नमन धीर के खेल की जमकर तारीफ की है. कैफ ने कहा कि आज के दौर में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो इन युवाओं के आसपास भी नहीं टिकते. खासतौर पर तिलक वर्मा की परफॉर्मेंस से कैफ बेहद खुश नजर आए.
मोहम्मद कैफ ने नमन धीर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह शॉट्स खेलने के लिए पहले से मन बनाकर नहीं उतरते, बल्कि गेंद को देखकर पूरी स्थिरता के साथ रिएक्ट करते हैं. कैफ ने कहा कि नमन का बेस बहुत मजबूत है. वह ऑफ स्टंप के बाहर हो फिर भी लेंथ को परखकर ही शॉट लगाते हैं.
उन्होंने कहा कि फिनिशर की भूमिका निभा रहे नमन धीर जिस तरह से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मोर्चों पर योगदान दे रहे हैं, वह वाकई काबिले तारीफ है. इसके अलावा कैफ ने मैदान की बड़ी डायमेंशंस पर बात करते हुए कहा कि क्रिकेट में आईसीसी को सभी ग्राउंड्स के आकार को लेकर कुछ एक जैसे नियम बनाने चाहिए, क्योंकि छोटे ग्राउंड्स और बड़े ग्राउंड्स में खेल का समीकरण बदल जाता है.
हालांकि, बड़ी बाउंड्री होने के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने जिस तरह से समझदारी दिखाते हुए सिंगल-डबल और गैप्स का इस्तेमाल किया, उसने मैच का पासा पलट दिया. कैफ ने अंत में कहा कि भारत टी20 फॉर्मेट में एक बादशाह टीम की तरह खेल रहा है और 2-0 की इस बढ़त के बाद अब न्यूजीलैंड पर सीरीज बचाने का भारी दबाव होगा.
तिलक वर्मा बन सकते हैं मुंबई के कप्तान
तिलक वर्मा की तारीफ करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि तिलक को मुंबई इंडियंस की टीम के लिए भी फिनिशर की भूमिका निभाना चाहिए. इसके अलावा उनके पास कप्तानी करने की भी काबिलियत है. लेकिन तिलक को यह आजादी देनी चाहिए कि वह गेम को समझे और अंत में तेजी से रन बनाए. अगर इस दौरान वह आउट होते हैं तो उनसे ज्यादा सवाल ना पूछा जाये.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क