GT vs PBKS, IPL 2026 Highlights: गुजरात टाइटन्स ने आखिरी ओवर में पंजाब किंग्स को हराया, वॉशिंगटन सुंदर-जेसन होल्डर बने जीत के स्टार

Gujarat Titans vs Punjab Kings IPL: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स की टक्कर हुई. इस मुकाबले को गुजरात टाइटन्स ने अपने नाम किया. पंजाब किंग्स ने अब तक आईपीएल खिताब नहीं जीता है. वहीं गुजरात टाइटन्स 2022 की आईपीएल चैम्पियन है.

Advertisement
आईपीएल में गुजरात-पंजाब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. (Photo: AP) आईपीएल में गुजरात-पंजाब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. (Photo: AP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • अहमदाबाद,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:46 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-46 में रविवार (3 मई) को गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया. गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 164 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर हासिल कर लिया.

Advertisement

आखिरी ओवर में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 11 रन बनाने थे. इस लक्ष्य को अरशद खान और वॉशिंगटन सुंदर ने मिलकर पूरा किया. सुंदर ने मार्कस स्टोइनिस की गंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई. सुंदर ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 23 बॉल पर नाबाद 40 रनों का योगदान दिया.

पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स का प्रदर्शन मौजूदा सीजन में शानदार रहा है. पंजाब किंग्स ने 9 में से 6 मुकाबले जीते हैं और उसके 13 अंक हैं. दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स ने 10 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं. गुजरात टाइटन्स के 12 पॉइंट्स हैं.

साई सुदर्शन ने जड़ी फिफ्टी
रनचेज में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत खास नहीं रही. कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 5 रनों के निजी स्कोर पर अर्शदीप सिंह का शिकार बन गए. इसके बाद साई सुदर्शन और जोस बटलर ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. विजयकुमार वैशाक ने बटलर (26 रन) को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. निशांत सिंधु सिर्फ 15 रन बना पाए और उनका विकेट मार्कस स्टोइनिस ने लिया.

Advertisement

साई सुदर्शन ने अच्छी पारी खेली, लेकिन वो अहम मौके पर आउट हुए. सुदर्शन ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 41 बॉल पर 57 रन बनाए. राहुल तेवतिया की खराब फॉर्म जारी रही और वो सिर्फ 2 रनों के निजी स्कोर पर मार्को जानसेन का शिकार बने. तेवतिया के आउट होने के समय गुजरात का स्कोर 140/5 था. फिर जेसन होल्डर सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए, जिसने मुकाबले को रोमांचक बना दिया.

पंजाब किंग्स की ऐसी रही बैटिंग
पंजाब किंग्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 163 रन बनाए. पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में उसने प्रियांश आर्य (2 रन) और कूपर कोनोली (0 रन) के विकेट गंवा दिए. दोनों बल्लेबाजों को मोहम्मद सिराज ने चलता किया. इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 33 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की. प्रभसिमरन 15 रनों के निजी स्कोर पर कगिसो रबाडा का शिकार बने, जिसके चलते यह पार्टनरशिप टूटी.

फिर जेसन होल्डर ने नेहाल वढेरा (0 रन) और श्रेयस अय्यर (19 रन) के विकेट लेकर पंजाब किंग्स की मुश्किलें बढ़ा दीं. श्रेयस के आउट होने के समय पंजाब किंग्स का स्कोर 47/5 था. यहां से सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टोइनिस ने मिलकर छठे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की. शेडगे ने 5 छक्के और तीन चौके की मदद से 29 बॉल पर 57 रनों का योगदान दिया. शेडगे का विकेट कगिसो रबाडा ने लिया.

Advertisement

इसके बाद जेसन होल्डर ने लगातार गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस और जेवियर बार्टलेट (0 रन) को चलता कर पंजाब किंग्स को फिर बैकफुट पर ढकेला. स्टोइनिस ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 बॉल पर 40 रनों का योगदान दिया. मार्के जानसेन (20 रन) के रूप में पंजाब किंग्स का नौवां विकेट गिरा. गुजरात टाइटन्स की ओर से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर 4 विकेट झटके.

इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान गुजरात टाइटन्स ने 4 मैचों में जीत हासिल की. वहीं पंजाब किंग्स को भी 4 मैचों में सफलता हासिल हुई. दोनों टीमों के बीच मौजूदा सीजन में यह दूसरी टक्कर रही. 31 मार्च को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हरा दिया था.

गुजरात vs पंजाब h2h
कुल IPL मैच: 8
गुजरात ने जीते: 4
पंजाब ने जीते: 4

गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और मानव सुथार.
इम्पैक्ट सब: राहुल तेवतिया.

पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहाल वढेरा, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल.
इम्पैक्ट सब: विजयकुमार वैशाक.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »