लॉर्ड्स टेस्ट: पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 184 रन पर समेटा

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित हुआ, क्योंकि बादल छाए हुए थे और पिच पर घास थी, जिसका पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया.

Advertisement
एलिस्टेयर कुक एलिस्टेयर कुक

तरुण वर्मा

  • लंदन,
  • 24 मई 2018,
  • अपडेटेड 11:24 PM IST

तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और हसन अली ने अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर गुरुवार को लॉर्ड्स के मैदान पर 4-4 विकेट लिए जिससे पाकिस्तान पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन ही इंग्लैंड को पहली पारी में 184 रन पर आउट करने में सफल रहा.

लगातार 153वां टेस्ट मैच खेलकर एलन बॉर्डर के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले एलिस्टेयर कुक ने 70 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से उबारा, लेकिन उनके आउट होने के बाद पारी सिमटने में देर नहीं लगी. इंग्लैंड के आखिरी छह विकेट 35 रन के अंदर गिरे.

Advertisement

अब्बास ने 23 रन देकर चार और अली ने 51 रन देकर चार विकेट लिए. मोहम्मद आमिर और फहीम अशरफ ने एक-एक विकेट हासिल किया. आमिर ने चाय के विश्राम से पहले कुक का कीमती विकेट लिया, जिन्होंने 148 गेंदों का सामना किया तथा 14 चौके लगाए.

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित हुआ, क्योंकि बादल छाए हुए थे और पिच पर घास थी, जिसका पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया. इंग्लैंड के तीन विकेट 43 रन पर निकल गए थे. कुक ने एक छोर संभाले रखा. उनके अलावा बेन स्टोक्स (38), जॉनी बेयरस्टॉ (27) और जोस बटलर (14) ही दोहरे अंक में पहुंचे.

बॉल टेंपरिंग विवाद ने मुझे बीमार कर दिया था: कमिंस

चाय के विश्राम के समय इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 165 रन था, लेकिन इसके बाद उसकी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. स्टोक्स और बटलर के तीन गेंद के अंदर पवेलियन लौटे जिसके बाद जल्द ही इंग्लैंड की पारी समाप्त हो गई. अब्बास ने स्टोक्स को एलबीडब्ल्यू आउट किया जबकि हसन अली की गेंद पर असद शफीक ने बटलर का शानदार कैच लिया.

Advertisement

पाकिस्तान के लिए निश्चित तौर पर टॉस हारना अच्छा रहा, क्योंकि इंग्लैंड का शीर्ष क्रम जल्द ही लड़खड़ा गया. मोहम्मद अब्बास ने मार्क स्टोनमैन (4) को बोल्ड करके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई. रूट तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन केवल चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्होंने हसन अली की बाहर जाती गेंद पर विकेटकीपर और कप्तान सरफराज अहमद को कैच थमाया.

कुक ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन डेविड मलान (6) को हसन ने ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया. विकेटकीपर सरफराज ने फिर से कैच लेने में कोई गलती नहीं की. उस समय इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन था.

कुक जब 23 रन पर थे तब पाकिस्तान ने उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू के लिए डीआरएस लिया, लेकिन आखिर में अंपायर का फैसला ही सही माना गया.

लंच के समय इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 72 रन था. कुक ने इसके बाद आमिर की गेंद पर थर्डमैन क्षेत्र में चौका जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि लंच के समय उनके साथ नाबाद रहे जॉनी बेयरस्टॉ को फहीम अशरफ ने बोल्ड किया.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement