बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज अस्पताल में भर्ती, सिर पर गेंद लगने के बाद बिगड़ी तबीयत

कभी-कभी आंकड़े पूरी कहानी नहीं बताते. बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज ने जज्बे, साहस और टीम के लिए सब कुछ झोंक देने की मिसाल पेश की. मिराज ने साबित कर दिया कि असली कप्तान वही होता है, जो मुश्किल वक्त में सबसे आगे खड़ा दिखाई दे.

Advertisement
मेहदी हसन मिराज को सिर में लगी चोट. (Photo: Reuters) मेहदी हसन मिराज को सिर में लगी चोट. (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • मीरपुर,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:20 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेशी टीम में एक तरफ जश्न का माहौल है, तो दूसरी तरफ टीम अपने कप्तान मेहदी हसन मिराज की सेहत को लेकर चिंतित है. दूसरे वनडे में जीत के कुछ ही समय बाद कप्तान मिराज अस्पताल पहुंच गए. मेहदी हसन मिराज ने सिर पर गंभीर चोट लगने और उल्टी करने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी थी और टीम को जीत दिलाकर ही मैदान छोड़ा था.

Advertisement

मीरपुर में खेले गए दूसरे वनडे में बांग्लादेश 192 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था. पारी के 34वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस की एक खतरनाक बाउंसर सीधे मेहदी हसन मिराज के हेलमेट पर जा लगी. गेंद लगते ही बांग्लादेशी कप्तान दर्द से कराह उठे और घुटनों के बल बैठ गए. स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब कुछ ही देर बाद उन्हें मैदान पर उल्टी होने लगी. मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान में पहुंचा. स्ट्रेचर भी बुला लिया गया और दोनों टीमों के डॉक्टरों ने उनकी जांच की. उस समय ऐसा लग रहा था कि मिराज तुरंत मैदान छोड़ देंगे.

हालांकि मेहदी हसन मिराज ने कुछ और ही ठान रखा था. टीम जीत के बेहद करीब थी और कप्तान किसी भी कीमत पर मैदान छोड़ना नहीं चाहते थे. डॉक्टरों और सपोर्ट स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया. सिर में चोट, चक्कर और असहजता के बावजूद मिराज क्रीज पर डटे रहे. इसके बाद जो हुआ उसने पूरे स्टेडियम को खड़ा होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया. अगले ही ओवर में उन्होंने शानदार छक्का जड़कर बांग्लादेश को ऐतिहासिक सीरीज जीत दिला दी.

Advertisement

जैसे ही गेंद सीमा रेखा के पार गई, बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का कारनामा कर दिखाया. लेकिन जीत के उस जश्न के पीछे कप्तान का दर्द साफ दिखाई दे रहा था.मैच खत्म होते ही मिराज को अस्पताल ले जाया गया. बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने बताया कि कप्तान को कन्कशन (Concussion) हुआ है और उन्हें निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह भी पढ़ें: 23 साल का इंतजार खत्म! ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार ODI सीरीज जीत गया बांग्लादेश

बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा, 'मेहदी हसन मिराज को मैच के दौरान सिर में चोट लगी थी. मैदान पर उनकी जांच की गई, लेकिन आगे के परीक्षण और निगरानी के लिए उन्हें अस्पताल भेजा गया है. अगले 24 घंटे तक उनकी स्थिति पर नजर रखी जाएगी.' हालांकि राहत की बात यह है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार मिराज खतरे से बाहर हैं.

चोट की गंभीरता को देखते हुए माना जा रहा है कि मेहदी हसन मिराज 14 जून को होने वाले तीसरे वनडे में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. कप्तान की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका हो सकती है, खासकर तब जब बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान में उतरेगा.

Advertisement

इस सीरीज से पहले बांग्लादेश ने कभी भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं जीती थी. लेकिन मेहदी हसन मिराज की कप्तानी में बांग्लादेशी टीम ने इतिहास रच दिया. तस्कीन अहमद और मुस्ताफिजुर रहमान की शानदार गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को 187/8 पर रोक दिया, जबकि बल्लेबाजी में मिराज ने दर्द से लड़ते हुए टीम को जीत के द्वार तक पहुंचाया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »