'भारत ने आपको बिल्कुल बच्चा बना दिया है...', सैम अयूब के बेबी सेलिब्रेशन पर भड़का पाकिस्तानी क्रिकेटर, VIDEO

अहमद शहजाद लंबे समय से क्रिकेटिंग एक्शन से दूर हैं, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके अनुभव और भारत-पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर बेबाक टिप्पणियां उन्हें लगातार चर्चा में बनाए रखती हैं. अहमद शहजाद ने अब सैम अयूब के सेलिब्रेशन पर सवाल उठाए हैं.

Advertisement
सैम अयूब ने किया बेबी सेलिब्रेशन, भड़के अहमद शहजाद. (Photo: Screengrab/SonyLIV) सैम अयूब ने किया बेबी सेलिब्रेशन, भड़के अहमद शहजाद. (Photo: Screengrab/SonyLIV)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 04 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:42 AM IST

भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता. 3 अक्टूबर (शनिवार) निशिन के कोरोगी स्पोर्टस् पार्क में आयोजित मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के सामने 212 रनों का टारगेट सेट किया था, लेकिन वो 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है. इससे पहले उसने हांगझोउ एशियन गेम्स में ये उपलब्धि हासिल की थी.

Advertisement

भारत के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान के बैटिंग ऑलराउंडर सैम अयूब काफी सुर्खियों में रहे. अयूब ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद बेबी सेलिब्रेशन किया था. वैभव अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और कम उम्र के चलते 'बेबी बॉस' के नाम से फेमस से हैं. ऐसे में अयूब ये जश्न विवाद की वजह बन गया है.  

अब सैम अयूब के इस जश्न पर पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने सवाल उठाए हैं. साथ ही अपनी टीम के प्रदर्शन पर भी निशाना साधा. शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ लगातार मुकाबले हार रही है और ऐसे में मैदान पर इस तरह के सेलिब्रेशन से ज्यादा जरूरी मुकाबले में फाइट दिखाना है. उन्होंने अयूब के सेलिब्रेशन के तरीके पर भी नाराजगी जताई.

अहमद शहजाद ने कहा, 'ये आप लोग क्या कर रहे हो? दुनिया ने आपको बच्चा बनाया हुआ है. भारत ने बिल्कुल ही बनाया हुआ है क्रिकेट के अंदर. चौथा-पांचवां मैच आप उनसे हार गए हैं. फाइट आप शो नहीं कर रहे. एक्टिंग आपकी खत्म नहीं होती.'

Advertisement

अहमद शहजाद ने सैम अयूब के सेलिब्रेशन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी का विकेट कोई ऐसी गेंद पर नहीं आया था, जिसे लेकर इस तरह का जश्न मनाया जाए. उन्होंने विकेट के तरीके का जिक्र करते हुए कहा कि बल्लेबाज रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में आउट हुआ था.

उन्होंने कहा, 'क्या सैम अयूब ने बीच में से कोई स्पिन कर दिया था? क्या बोल्ड कर दिया था? रिवर्स स्वीप खेलने गया था, एज लग गया. ठीक है, सेलिब्रेट करना चाहिए. लेकिन ये क्या होता है.'

शहजाद का निशाना सिर्फ सेलिब्रेशन पर नहीं था. उन्होंने पाकिस्तान की टीम के भारत के खिलाफ हालिया प्रदर्शन पर भी सवाल उठाया और कहा कि टीम को मैदान पर ज्यादा प्रतिस्पर्धी नजर आना चाहिए. उनके बयान के बाद सैम अयूब का सेलिब्रेशन एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

अहमद शहजाद का ऐसा रहा है करियर
अहमद शहजाद ने साल 2023 में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से संन्यास ले लिया था. हालांकि उन्होंने आधिकारिक रूप से इंटरनेशनल क्रिकेट को अब तक अलविदा नहीं कहा है. शहजाद के नाम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में कई यादगार पारियां दर्ज हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 13 मैचों में 40.91 की औसत से 982 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 4 अर्धशतक निकले. वनडे इंटरनेशनल में शहजाद ने 81 मैच खेले और 32.56 की औसत से 2,605 रन बनाए. उनके नाम पर वनडे इंटरनेशनल में 6 शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं.

Advertisement

टी20 इंटरनेशनल में अहमद शहजाद ने 59 मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 25.80 की औसत से 1,471 रन बनाए. पाकिस्तान सुपर लीग में भी अहमद शहजाद का रिकॉर्ड अच्छा रहा है. उन्होंने 2016 से 2021 के बीच पांच सीजन खेले. इस दौरान 45 मुकाबलों में 26.26 की औसत से 1,077 रन बनाए. उनके नाम पर पीएसएल में 9 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि स्ट्राइक रेट 120.06 रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »