Shukra Ketu Yuti 2026: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों का राशि परिवर्तन और अन्य ग्रहों के साथ उनकी युति बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. द्रिक पंचांग के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को धन, वैभव, प्रेम और ऐश्वर्य के कारक शुक्र ग्रह सिंह राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं. सिंह राशि में पहले से ही छाया ग्रह केतु मौजूद हैं. ऐसे में सिंह राशि में शुक्र और केतु की युति बनने जा रही है, जो कई मायनों में बेहद संवेदनशील मानी जा रही है.
वैदिक ज्योतिष में शुक्र और केतु के बीच शत्रुता का भाव होता है. जहां शुक्र भौतिक सुख-सुविधाओं और संबंधों के प्रतीक हैं, वहीं केतु वैराग्य, भ्रम और अचानक होने वाली घटनाओं के कारक हैं. इस युति के प्रभाव से कुछ राशियों के जीवन में बड़े नकारात्मक बदलाव आ सकते हैं. आइए जानते हैं कि इस दौरान किन राशियों को सबसे ज्यादा संभलकर रहने की जरूरत है.
वृषभ राशि (Taurus)
वृषभ राशि के स्वामी स्वयं शुक्र देव हैं, इसलिए शुक्र की स्थिति में कोई भी बड़ा बदलाव आपको प्रभावित करता है. चतुर्थ भाव में यह युति आपके सुख-साधनों में कमी ला सकती है. परिवार के सदस्यों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं. घर की शांति प्रभावित हो सकती है.
इस समय नया वाहन या प्रॉपर्टी खरीदने से बचें. यात्रा के दौरान सावधानी बरतें, चोट लगने की आशंका है. अचानक कोई बड़ा गुप्त खर्च सामने आ सकता है, जिससे आपका बजट बिगड़ सकता है.
सिंह राशि (Leo)
चूंकि यह युति आपकी ही राशि में होने जा रही है, इसलिए इसका सबसे सीधा असर आपके स्वभाव और मानसिक स्थिति पर पड़ेगा. जीवनसाथी या लव पार्टनर के साथ गलतफहमियां बढ़ सकती हैं. केतु के प्रभाव से आप अपने पार्टनर से दूरी महसूस कर सकते हैं.
मानसिक तनाव और अज्ञात भय आपको परेशान कर सकता है. खान-पान का विशेष ध्यान रखें. इस दौरान बातचीत करते समय संयम रखें, अन्यथा बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं.
तुला राशि (Libra)
तुला भी शुक्र की ही राशि है. एकादश (11वें) भाव में बनने वाली यह युति आपकी आय और सामाजिक जीवन को प्रभावित करेगी. निवेश के मामलों में बड़ा जोखिम न लें. किसी को उधार दिया हुआ पैसा फंस सकता है.
सामाजिक दायरे में आपकी किसी बात का गलत मतलब निकाला जा सकता है, जिससे मित्रों से संबंध खराब हो सकते हैं. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत का क्रेडिट किसी और को मिल सकता है, जिससे निराशा होगी.
वृश्चिक राशि (Scorpio)
आपके दशम (करियर) भाव में यह युति बनने जा रही है. नौकरीपेशा और बिजनेसमैन दोनों के लिए यह समय थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहेगा. ऑफिस में आपके खिलाफ कोई साजिश हो सकती है. सीनियर्स के साथ तालमेल बिठाने में दिक्कत आएगी.
जल्दबाजी में आकर नौकरी बदलने का फैसला न लें, भारी पड़ सकता है. इस दौरान किसी भी तरह के अनैतिक काम से दूर रहें, अन्यथा सामाजिक छवि खराब होने का डर है.
शुक्र राहु युति के उपाय
- प्रतिदिन ऊं शुं शुक्राय नमः और ऊं कें केतवे नमः मंत्र का जाप करें.
- शुक्रवार के दिन सफेद वस्तुओं (जैसे चावल, दूध, चीनी) का दान करें.
- भगवान गणेश की आराधना करें और उन्हें दूर्वा (दूब घास) अर्पित करें, इससे केतु के दोष शांत होते हैं.
aajtak.in