प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत को 15 दिन हो चुके हैं. इन 15 दिनों में वृंदावन स्थित प्रेमानंद महराज के आश्रम में काफी कुछ घटित हुआ. 25 सितंबर को गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से कूदकर युवा संत रसिक दुलारी ने आत्महत्या कर ली थी. लेकिन यह सुसाइड एक मिस्ट्री बन गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि दीपक का प्राइवेट पार्ट कटा हुआ था. पुलिस को दीपक के कमरे से एक ग्राइंडर भी बरामद हुआ था. इस पर मथुरा पुलिस का कहना है कि दीपक ने सुसाइड किया था और इस घटना से जुड़े पुलिस के पास 4 सीसीटीवी फुटेज हैं, जो इसे सुसाइड साबित करने के लिए काफी हैं.
इसके बाद मथुरा के दिनेश शर्मा फलाहारी महाराज ने दावा किया कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को 5 करोड़ रुपए देकर बुलाया गया था. हालांकि विराट कोहली के प्रवक्ता और केलि कुंज आश्रम के लोगों ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया. फलाहारी महाराज ने यह भी कहा था कि उन्होंने यह भी कहा था कि प्रेमानंद महाराज का आश्रम दो गुटों में बंटा हुआ है. एक नकली संतों का गुट और एक असली संतों का गुट. नकली संतों का गुट वृंदावन में जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहा है और उनसे प्रेमानंद महाराज को भी खतरा है. लेकिन फलाहारी महाराज जल्दी ही बैकफुट पर आ गए. उन्होंने कहा कि प्रेमानंद महाराज हमारे भी पूजनीय हैं. और अगर हमारी वजह से उनका मन दुखी हुआ है तो हम उनसे माफी मांगते हैं.
इस बीच ऐसी भी खबरें भी सामने आईं कि प्रेमानंद महाराज केलि कुंज आश्रम को छोड़कर बेलवन स्थित आश्रम में चले गए हैं. कोहली और आश्रम की तरफ से सफाई आने के बाद इसी सप्ताह प्रेमानंद महाराज वापस केलि कुंज लौट आए. आइए जानते हैं कि इस घटना से जुड़े बीते 15 दिन में जो भी सीसीटीवी फुटेज सामने आए, उनमें क्या-क्या दिखा था.
पहला सीसीटीवी
इस घटना का पहला सीसीटीवी 27 सितंबर को सामने आया, जो झकझोरने वाला था. दीपक लोधी ने जब गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल से छलांग लगाई, तब गली में सामान्य दिनों की तरह आवाजाही हो रही थी. वीडियो में एक संत साइकिल पर आते हुए दिखाई देते हैं. तभी अचानक वीडियो में दीपक जमीन पर गिरता हुआ दिखाई देता है. उसका सिर जमीन पर लगता है. दीपक को जमीन पर गिरता देख वहां से गुजर रहे लोग हक्का-बक्का हो जाते हैं.
दूसरा सीसीटीवी
इस घटना का दूसरा सीसीटीवी 2 अक्टूबर को सामने आया. इस वीडियो में दीपक आश्रम की छत पर नजर आ रहे हैं. सीसीटीवी में वह छत की बाउंड्री पर बैठे दिखाई देते हैं. फिर थोड़ा विचलित होने के बाद बाउंड्री से उठकर छत के फर्श पर बैठ जाते हैं. कुछ देर बाद वो वहीं लेट जाते हैं. और फिर अचानक उठकर छत से छलांग लगा देते हैं.
तीसरा सीसीटीवी
रसिक दुलारी की मौत से जुड़ा तीसरा सीसीटीवी 5 अक्टूबर को सामने आया था. इस सीसीटीवी में दीपक लोधी अपना प्राइवेट पार्ट काटने के बाद सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता दिखाई दे रहा है. दीपक की खून से सनी धोती भी वीडियो में बिल्कुल साफ दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि इसके तुरंत बाद उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी.
चौथा सीसीटीवी
घटना के करीब 10 दिन गुजर जाने के बाद चौथा सीसीटीवी सामने आया. इसमें रसिक दुलारी शरण गैलरी से होते हुए अपने कमरे की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि कमरे में जाने के बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी पुष्टि वीडियो के माध्यम से करना मुश्किल है. उनके प्राइवेट पार्ट कटने के पीछा का कारण अभी भी एक रहस्य बना हुआ है.
इस घटना से जुड़े एक के बाद एक चार वीडियो सामने आ चुके हैं. लेकिन इससे कई और भी सवाल उठते हैं. आखिर चारों सीसीटीव फुटेज सामने आने में इतने दिन क्यों लगे. क्या ये वीडियो पुलिस जांच का हिस्सा हैं या इन्हें अब सार्वजनिक किया जा रहा है? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही मिल पाएंगे.
मदन गोपाल शर्मा