कैंची धाम आने के लिए अब रजिस्ट्रेशन जरूरी, भीड़ से निपटने के लिए प्रशासन का मास्टर प्लान

प्रशासन का मानना है कि जब तक यह स्पष्ट नहीं होगा कि किसी विशेष दिन कैंची धाम में कितने श्रद्धालु पहुंचने वाले हैं, तब तक पार्किंग, ट्रैफिक, शटल सेवा, सुरक्षा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की मजबूत प्लानिंग संभव नहीं है. इसे देखते हुए डीएम और एसएसपी की ओर से शासन को संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के अनिवार्य रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करने की सिफारिश भेजी जाएगी.

Advertisement
कैंची धाम में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की संख्या को मैनेजेबल कैप के तौर पर रखा गया है. (Photo: ITG) कैंची धाम में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की संख्या को मैनेजेबल कैप के तौर पर रखा गया है. (Photo: ITG)

लीला सिंह बिष्ट

  • नैनीताल,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:56 PM IST

कैंची धाम में पिछले वीकेंड उमड़ी श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. श्रद्धालुओं की संख्या 50 हजार का आंकड़ा पार करने के बाद अब प्रशासन ने इसे सीमित करने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था बनाने की कवायद शुरू कर दी है. कैंची धाम में ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग और क्राउड कंट्रोल को लेकर आज कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में सभी स्टेक होल्डर्स की महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में सबसे अहम फैसला श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन को लेकर हुआ है.

Advertisement

प्रशासन का मानना है कि जब तक यह स्पष्ट नहीं होगा कि किसी विशेष दिन कैंची धाम में कितने श्रद्धालु पहुंचने वाले हैं, तब तक पार्किंग, ट्रैफिक, शटल सेवा, सुरक्षा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की मजबूत प्लानिंग संभव नहीं है. इसे देखते हुए डीएम और एसएसपी की ओर से शासन को संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के अनिवार्य रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करने की सिफारिश भेजी जाएगी.

रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू होने के बाद प्रशासन के पास पहले से यह अनुमान होगा कि किस दिन कितने श्रद्धालु कैंची धाम पहुंच सकते हैं और उसी के अनुरूप ट्रैफिक, पार्किंग, शटल और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की जा सकेगी. फिलहाल 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की संख्या को मैनेजेबल कैप के तौर पर रखा गया है. हालांकि यह अंतिम आंकड़ा नहीं है और परिस्थितियों के अनुसार इसे घटाया या बढ़ाया जा सकता है.

Advertisement

प्रशासन का साफ कहना है कि उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं की संख्या नियंत्रित करना नहीं है, बल्कि कैंची धाम की भीड़ का असर भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर न पड़ने देना है. हाईवे उन लोगों के लिए भी सुचारू रहना चाहिए जो अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित दूसरे क्षेत्रों की यात्रा कर रहे हैं.

दूसरा बड़ा फैसला मंदिर के भीतर क्राउड मैनेजमेंट को लेकर हुआ है. पिछले दिनों सामने आए विजुअल्स में मंदिर परिसर के भीतर अत्यधिक भीड़ दिखाई दी. ऐसी स्थिति में भगदड़ या किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. इसलिए मंदिर की एंट्री और एग्जिट को अलग-अलग रखने पर सहमति बनी है. प्रशासन का मानना है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही एक ही दिशा में व्यवस्थित होने से आमने-सामने की भीड़ और दबाव कम होगा और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी.

तीसरा, अब हर वीकेंड से पहले क्राउड मैनेजमेंट की बैठक अनिवार्य होगी. पहले विशेष पर्व या बड़े आयोजनों के समय ही बैठकें होती थीं. लेकिन हाल के दिनों में सामान्य वीकेंड पर भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है. इसलिए अब एसडीएम, सीओ और एआरटीओ की बैठक नियमित रूप से होगी. इस बैठक में विशेष तौर पर शटल सेवा, रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी. भीड़ बढ़ने पर भवाली और आसपास के क्षेत्रों से शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी. इसमें केएमओयू और परिवहन विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी.

Advertisement

श्रद्धालुओं से भी प्रशासन ने खास अपील
प्रशासन का कहना है कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु पहले से होटल की बुकिंग कराकर आएं. बिना बुकिंग के पहुंचकर होटल की तलाश करने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही और भीड़ दोनों बढ़ती हैं. लिहाजा होटल बुकिंग की भी जांच की जाएगी. बैठक में सामने आया कि कुछ मामलों में टैक्सी के रूप में बाइक का इस्तेमाल किया जा रहा है और निजी मोटरसाइकिलों को भी किराए पर चलाए जाने की शिकायतें मिली हैं. ऐसे मामलों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

शिप्रा नदी की पवित्रता और सुरक्षा पर सख्ती
कैंची धाम से जुड़ी धार्मिक आस्था में शिप्रा नदी का विशेष महत्व है. कहते हैं कि एक बार भंडारे के समय जब घी खत्म हो गया तो बाबा नीम करोली ने अपने भक्तों से कहा कि जाओ शिप्रा नदी से तीन कनस्तर भरकर घी ले आओ. भक्त तीन कनस्तर पानी भर लाए और जब उसे कढ़ाई में डाला गया तो घी बन गया और घी आने के बाद बाबा बोले कि जाओ अब शिप्रा नदी को उनका घी वापस कर दो. प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग नदी में स्नान करने के साथ वहां पिकनिक जैसा माहौल बना रहे हैं. अब इस पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी. वन विभाग की ड्यूटी लगाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

होटेल की मनमानी कीमतों पर प्रशासन की नजर
दुकानदारों से रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया है और कीमतें उचित रखने के निर्देश दिए गए हैं. निर्धारित दरों से अधिक वसूली की शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी. वहीं, आस-पास के होटल और होमस्टे द्वारा अत्यधिक कीमत वसूलने की शिकायतों पर भी प्रशासन जांच करेगा. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस अथवा संबंधित अनुमति पर कार्रवाई तक की जा सकती है. कुल मिलाकर कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच प्रशासन अब अस्थायी इंतजामों से आगे बढ़कर एक व्यवस्थित क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »